टी20 में धमाल के बाद अब वनडे में डेब्यू, इस खिलाड़ी पर सबकी नजरें

0

नई दिल्ली: भारत जहां एशिया कप की तैयारियों में जुटा हुआ है, वहीं ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत हो चुकी है। सीरीज का पहला मैच मंगलवार को खेला जा रहा है। इस बीच साउथ अफ्रीका को तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा के चोटिल होकर बाहर होने से बड़ा झटका लगा। हालांकि टीम के लिए खुशी की बात यह रही कि डेवाल्ड ब्रेविस ने वनडे क्रिकेट में डेब्यू कर लिया। टी20 इंटरनेशनल में अपने विस्फोटक प्रदर्शन से पहचान बना चुके ब्रेविस को अब वनडे में भी मौका मिला है। उन्हें साउथ अफ्रीका क्रिकेट का भविष्य और उभरता हुआ सितारा कहा जा रहा है।

टी20 सीरीज में दिखाया था दमदार खेल

डेवाल्ड ब्रेविस ने कम उम्र में ही अपनी खास पहचान बना ली है। महज 22 साल की उम्र में वे साउथ अफ्रीका के लिए टी20 इंटरनेशनल के बाद वनडे में भी डेब्यू कर चुके हैं। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी शैली के कारण उनकी तुलना एबी डिविलियर्स से की जाती है और उन्हें ‘बेबी डिविलियर्स’ कहा जाता है। खासतौर पर छोटे फॉर्मेट में उन्होंने अपनी आक्रामक बैटिंग से नाम कमाया है। टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो अब तक खेले गए 10 मैचों में उन्होंने 318 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 39.75 और स्ट्राइक रेट 191.56 का रहा है। उनके नाम एक शतक और एक अर्धशतक भी दर्ज है, जो हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में आए थे।

जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मुकाबले खेले

डेवाल्ड ब्रेविस वनडे में अपना डेब्यू कर रहे हैं, लेकिन इससे पहले वे दो टेस्ट मैच भी खेल चुके हैं। हाल ही में साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेले थे, जिसमें ब्रेविस को मौका मिला था। हालांकि वहां उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा और तीन पारियों में उन्होंने कुल 84 रन बनाए, औसत मात्र 28 का रहा। अब वे अपनी पसंद के फॉर्मेट यानी वनडे में उतर रहे हैं, ऐसे में यह देखना रोचक होगा कि इस फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।

डेवाल्ड ब्रेविस तीनों वनडे मैच खेल सकते हैं

ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज जारी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि डेवाल्ड ब्रेविस तीनों मुकाबलों में खेलेंगे, तभी उनकी प्रतिभा का सही मूल्यांकन हो पाएगा। सामने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम है, इसलिए ब्रेविस के लिए यह चुनौती आसान नहीं होगी। देखना होगा कि क्या वे टी20 की तरह इस फॉर्मेट में भी आक्रामक अंदाज बनाए रखेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here