नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम का एशिया कप में प्रदर्शन फिलहाल अनिश्चित दिखाई दे रहा है, लेकिन पीसीबी ने अपने स्क्वाड का ऐलान सबसे पहले कर दिया है। टीम के चयन से पहले सभी की नजरें बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान पर थी, जो इस बार टीम में जगह नहीं बना पाए। इसके अलावा, टीम ने सलामी बल्लेबाज के रूप में साहिबजादा फरहान को शामिल किया है। उनके पिछले आंकड़ों को देखें तो यही कहा जा सकता है कि वे अभी तक अपने प्रदर्शन में निराशाजनक रहे हैं और फिलहाल महाफ्लॉप खिलाड़ी के रूप में सामने आते हैं।
साहिबजादा फरहान ने साल 2018 में किया टी20 इंटरनेशनल डेब्यू
साहिबजादा फरहान अब 29 साल से अधिक के हो गए हैं, लेकिन उन्हें टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू का मौका साल 2018 में मिला था। इतने लंबे समय के बावजूद वे अब तक केवल 15 मुकाबले ही खेल पाए हैं, जिनमें उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। इसके बावजूद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भरोसा जताते हुए उन्हें एशिया कप के लिए टीम में शामिल किया है। टीम के ऐलान को देखकर लगता है कि पारी की शुरुआत साहिबजादा फरहान और सैम अयूब करेंगे।
साहिबजादा फरहान के करियर के आंकड़े
साहिबजादा फरहान ने अब तक पाकिस्तान के लिए 15 टी20 मैचों में केवल 315 रन बनाए हैं। उनका औसत महज 21 का है और स्ट्राइक रेट 127.01 का रहा है। फरहान के नाम तीन अर्धशतक हैं, जबकि शतक से उनका कोई सरोकार नहीं रहा। उनका सर्वाधिक स्कोर 74 का है। अब वे पहली बार एशिया कप में खेलेंगे, जहां उन्हें भारतीय टीम के खिलाफ भी उतरना होगा। टीम इंडिया के घातक पेस अटैक के सामने साहिबजादा फरहान कैसे मुकाबला करेंगे और किस तरह प्रदर्शन करेंगे, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
एशिया कप के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी, सुफयान मोकिम।


