(NST News) भोपाल। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के लिए गर्व का पल आया है। जिले की प्रतिभाशाली क्रिकेटर क्रांति गौड़ का चयन महिला वर्ल्ड कप 2025 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। टीम की घोषणा होते ही जिले में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। क्रांति गौड़ ने हाल ही में न्यूज़ीलैंड दौरे पर शानदार गेंदबाजी करते हुए एक मैच में 6 विकेट लेकर सबको चौंका दिया था। उनके इस प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और अब उन्हें वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर खेलने का मौका मिला है। जिले के खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ छतरपुर ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है। परिवार और मित्रों ने भी क्रांति को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगी। क्रांति के कोच ने बताया कि बचपन से ही उन्होंने क्रिकेट में गहरी रुचि दिखाई और कठिन परिश्रम व निरंतर अभ्यास से आज यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से जिले की नई पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलेगी। क्रांति गौड़ के चयन से जिले के लोगों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। अब सबकी निगाहें उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं। स्थानीय खेल प्रेमियों का मानना है कि क्रांति आने वाले समय में भारतीय महिला क्रिकेट का बड़ा चेहरा बन सकती हैं।

वर्ल्ड कप टीम
बीसीसीआई द्वारा घोषित 15 सदस्यीय भारतीय महिला टीम इस प्रकार है। हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), प्रतिका रावल, हर्लीन देओल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, अमनजोत कौर, रेणुका ठाकुर, राधा यादव, श्री चरणी, स्नेह राणा।


