नई दिल्ली: एशिया कप 2025 के लिए घोषित भारतीय टीम में आईपीएल की 9 टीमों के खिलाड़ी शामिल हैं, जिसमें सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व मुंबई इंडियंस (MI) का है। आईपीएल 2025 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से सिर्फ एक खिलाड़ी चुना गया है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स के तीन खिलाड़ियों को जगह मिली। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के किसी भी खिलाड़ी को टीम में स्थान नहीं मिला। गौरतलब है कि गौतम गंभीर इस टीम के पूर्व मेंटर रह चुके हैं।
मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस की ओर से भारतीय टीम में सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा शामिल हैं। टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव टी20 में अपनी बल्लेबाज़ी क्षमता के लिए मशहूर हैं। हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी हर टीम की चाहत होते हैं, जबकि तिलक वर्मा टी20 में दुनिया के नंबर 2 बल्लेबाज के रूप में ख्याति प्राप्त हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स
कोलकाता नाइट राइडर्स से रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। रिंकू सिंह को सीमित मौके मिले हैं, लेकिन उन्होंने मैच फिनिश करने की अपनी क्षमता से प्रभावित किया है। गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद वरुण चक्रवर्ती ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में वापसी की और चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया। हर्षित राणा ने भारत के लिए केवल एक टी20 मैच खेला है, जिसमें उन्होंने शिवम दुबे के कनकशन सब्सटीट्यूट के तौर पर इंग्लैंड के खिलाफ 3 विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया था।
दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली कैपिटल्स से कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को भारतीय टीम में चुना गया है। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में अक्षर उप-कप्तान थे और टी20 वर्ल्ड कप 2024 फाइनल में उनकी पारी ने उनकी उपयोगिता साबित कर दी। कुलदीप यादव लंबे समय बाद टी20 टीम में लौटे हैं और संयुक्त अरब अमीरात में उनकी गेंदबाजी काफी प्रभावी साबित हो सकती है, जैसा कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में देखा गया था।
सनराइजर्स हैदराबाद
सनराइजर्स हैदराबाद से अभिषेक शर्मा चुने गए हैं। अभिषेक फिलहाल दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज हैं।
राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान रॉयलेस से संजू सैमसन को टीम में जगह मिली है। संजू ने पिछले साल 3 शतक ठोके थे।
गुजरात टाइटंस
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल की भारत की टी20 टीम में उप-कप्तान के तौर पर वापसी हुई। उन्हें भविष्य के कप्तान के तौर पर देखा जा रहा है।
चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स से शिवम दुबे को जगह मिली है। नितीश कुमार रेड्डी फिट होते तो शायद शिवम को मौका न मिलता।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल 2025 का खिताब जीतने में जितेश शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। इसके कारण वह टीम में चुने गए।
पंजाब किंग्स
पंजाब किंग्स से अर्शदीप सिंह का चयन हुआ। भारत की टी20 टीम में बतौर तेज गेंदबाज केवल अर्शदीप सिंह की जगह पक्की है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था।
लखनऊ सुपर जायंट्स
लखनऊ सुपर जायंट्स से दो खिलाड़ियों पर टीम चयन के लिए विचार किया जा सकता था। हालांकि, चोट के कारण ऋषभ पंत पर विचार ही नहीं किया गया। आईपीएल 2025 में उनके प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन कठिन था। वहीं, रवि बिश्नोई एक संभावित गेंदबाज थे, लेकिन वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव के मौजूद होने के कारण उन्हें टीम में जगह नहीं मिली।


