नई दिल्ली: भारत के महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद अमेरिका के सेंट लुईस में अक्टूबर में होने वाले क्लच शतरंज नुमाइशी मैच में अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी रूस के गैरी कास्पारोव से खेलेंगे। वहीं, विश्व चैम्पियन डी गुकेश की टक्कर मैग्नस कार्लसन से होगी। कास्पारोव और आनंद की पिछली टक्कर 2021 में क्रोएशिया रैपिड और ब्लिट्ज टूर्नामेंट, जागरेब में हुई थी, जिसमें आनंद ने जीत हासिल की थी। दोनों के बीच अब तक 82 मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें से 30 ड्रॉ रहे हैं और जीत के मामले में कास्पारोव का पलड़ा भारी रहा है।
सेंट लुईस शतरंज क्लब ने एक विज्ञप्ति में बताया कि दो पूर्व विश्व चैम्पियन, गैरी कास्पारोव और विश्वनाथन आनंद, विशेष क्लच शतरंज (लीजेंड्स) नुमाइशी मैच में आमने-सामने होंगे, जो 7 से 11 अक्तूबर के बीच क्लब की नई सुविधा में आयोजित होगा। इस नुमाइशी मैच में \$144,000 की ईनामी राशि दोनों दिग्गजों के बीच 12 शतरंज 960 (फिशर रैंडम) मुकाबलों में वितरित की जाएगी। मैच रैपिड और ब्लिट्ज टाइम कंट्रोल में खेले जाएंगे। इसके बाद 27 से 29 अक्तूबर तक \$412,000 ईनामी राशि के लिए क्लच शतरंज चैम्पियंस शोडाउन होगा, जिसमें दुनिया के नंबर एक मैग्नस कार्लसन, नंबर दो हिकारू नकामूरा, तीसरे नंबर के फेबियानो कारूआना और डी गुकेश भाग लेंगे।


