नई दिल्ली: बुची बाबू टूर्नामेंट 2025 के पहले राउंड में बुधवार (20 अगस्त) को छत्तीसगढ़ ने महाराष्ट्र को 35 रन से हराया। 185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान अंकित बवाने के अर्धशतक के बावजूद महाराष्ट्र की टीम दूसरी पारी में केवल 149 रन पर ऑल आउट हो गई। पहली पारी में शतक लगाने वाले पृथ्वी शॉ दूसरी पारी में 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ भी फेल रहे। महाराष्ट्र की दूसरी पारी में पृथ्वी शॉ 1, सिद्धेश वीर 31, अंकित बवाने 66, राजवर्धन हंगरगेकर 8, सिद्धार्थ म्हात्रे 9, ऋतुराज गायकवाड़ 11, सौरभ नवले खाता नहीं खोल पाए, सचिन धास 14, रामकृष्ण घोष खाता नहीं खोले और विक्की ओस्टवाल 1 रन बनाकर आउट हुए। हितेष वलुंज बिना खाता खोले नाबाद रहे।
अग्रवाल की गेंदबाजी धमाल, 6 विकेट लिए
छत्तीसगढ़ के लिए शुभमन अग्रवाल ने 6 विकेट लिए, जिनमें अंकित बवाने, राजवर्धन हंगरगेकर, सिद्धार्थ म्हात्रे, सौरभ नवले और सचिन धास के विकेट शामिल हैं। इसके अलावा वरुण सिंह भुई ने 2 विकेट लिए, उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ और विक्की ओस्टवाल को आउट किया।
तिवारी ने शॉ का किया शिकार
शशांक तिवारी और ऋषि शर्मा ने छत्तीसगढ़ के लिए 1-1 विकेट लिए। छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में 252 और दूसरी पारी में 149 रन बनाए, जबकि महाराष्ट्र ने पहली पारी में 217 और दूसरी पारी में 149 रन ही बना पाए। पृथ्वी शॉ का विकेट शशांक तिवारी को और सिद्धेश वीर का विकेट ऋषि शर्मा को मिला।
पहली पारी में शतक के साथ शॉ ने दिखाया जलवा
मुंबई से महाराष्ट्र में स्विच करने के बाद पृथ्वी शॉ का यह पहला मैच था। शॉ ने पहली पारी में 141 गेंदों पर 111 रन बनाए। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ दोनों पारी में फेल रहे; पहली पारी में उन्होंने 1 रन और दूसरी पारी में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 11 रन बनाए।


