(NST News) भोपाल. जम्मू-कश्मीर की प्रतिष्ठित डल झील में 21 से 23 अगस्त तक पहला खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025 आयोजित किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 400 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मध्यप्रदेश से 44 खिलाड़ी और 10 सहायक स्टाफ मिलाकर कुल 54 सदस्यीय दल हिस्सा ले रहा है। दल में मध्यप्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स रोइंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक श्री दलबीर सिंह भी शामिल हैं। प्रतियोगिता में कुल पांच खेलों – रोइंग, क्याकिंग-केनोइंग (पदक स्पर्धाएं), वॉटर स्कीइंग, ड्रेगन बोट और शिकारा स्प्रिंट (डेमो खेल) – का आयोजन किया जा रहा है। हालांकि, मध्यप्रदेश की टीम केवल दो खेलों – रोइंग और क्याकिंग-केनोइंग – में अपना कौशल दिखाएगी।
रोइंग प्रतियोगिता में प्रदेश के 21 खिलाड़ी (10 बालक और 11 बालिका) सिंगल स्कल, डबल स्कल, कॉक्सलेस पेयर, कॉक्सलेस फोर और लाइटवेट डबल स्कल जैसे इवेंट्स में हिस्सा लेंगे। वहीं, क्याकिंग-केनोइंग स्पर्धा में 23 खिलाड़ी (12 बालक और 11 बालिका) के-1 1000 मीटर, के-2 और के-4 500 मीटर, सी-1 1000 मीटर, सी-2 500 मीटर और स्लालम इवेंट्स में उतरेंगे। प्रदेश के खेल मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता न सिर्फ खिलाड़ियों के लिए अनुभव का अवसर है बल्कि उनके लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मार्ग भी खोलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।


