समोकोव (बुल्गारिया): युवा भारतीय पहलवान काजल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के महिलाओं के 72 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में दमदार अंदाज में दो बार दोहरे अंकों से जीत दर्ज की। मौजूदा अंडर-20 एशियाई चैंपियन और 2024 कैडेट विश्व चैंपियन काजल ने अपने अभियान में लगातार आक्रामक रुख दिखाया। वहीं, सेमीफाइनल में हारने के बाद भारतीय पहलवान श्रुति और सारिका अब कांस्य पदक के लिए उतरेंगी।
काजल ने सेमीफाइनल तक के सफर में एक से बढ़कर एक प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले दौर में एमिली मिहाइलोवा अपोस्टोलोवा को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 15-4 से मात दी। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में किर्गिस्तान की कैयरकुल शारशेबायेवा को 7-0 से हराकर अपना दबदबा कायम रखा। सेमीफाइनल में अमेरिका की जैस्मीन डोलोरेस रॉबिन्सन के खिलाफ भी काजल ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 13-6 से शानदार जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश पक्का किया।
महिलाओं की 50 किग्रा श्रेणी में श्रुति ने शानदार शुरुआत की। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में वायलेटा बिरियुकोवा को कड़े मुकाबले में 5-4 से मात दी और फिर पोलैंड की अन्ना यात्स्केविच को 4-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल पार किया। हालांकि, सेमीफाइनल में जापान की रिना ओगावा के खिलाफ वह टिक नहीं सकीं और तकनीकी श्रेष्ठता से हार गईं। वहीं, 53 किग्रा भार वर्ग में सारिका ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले राउंड में सेवल केयर को 12-2 से हराकर तकनीकी श्रेष्ठता हासिल की और क्वार्टर फाइनल में चीन की तियानयु सुन को 8-0 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। लेकिन अंतिम चार के मुकाबले में उन्हें यूक्रेन की अनास्तासिया पोल्स्का के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता से हार झेलनी पड़ी।
ग्रीको-रोमन वर्ग में सूरज ने 60 किग्रा श्रेणी के सेमीफाइनल तक शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अर्मेनिया के युरिक मखितार्यन से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हार गए। अब वह कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगे। प्रिंस (82 किग्रा) क्वार्टर फाइनल में हार गए थे, लेकिन रेपेशेज के जरिए अभी भी कांस्य पदक की दौड़ में बने हुए हैं। महिला वर्ग में रीना (55 किग्रा) और प्रिया (76 किग्रा) फाइनल में पहुंच चुकी हैं और दिन के अंत में स्वर्ण पदक मुकाबलों में चुनौती पेश करेंगी। इससे पहले तपस्या (57 किग्रा) स्वर्ण और सृष्टि (68 किग्रा) रजत पदक जीत चुकी हैं।


