अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग में रायसेन ने शानदार प्रदर्शन कर किया कब्जा
(NST News) भोपाल. 69वीं संभाग स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता मंडीदीप में आयोजित हुई, जिसमें रायसेन ने अपनी जबरदस्त खेल क्षमता का प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक वर्ग में रायसेन ने सेमीफाइनल में सीहोर को 6-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में रायसेन का मुकाबला भोपाल से हुआ, जिसमें खालिद खान के एक शानदार गोल की मदद से रायसेन ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा किया। वहीं, बालिका वर्ग में रायसेन ने सेमीफाइनल में सीहोर को 7-0 से हराया और फाइनल में विदिशा का सामना किया। फाइनल में रायसेन ने विदिशा को 5-0 से पराजित किया। रायसेन के लिए परी ने 3 गोल और सोनिया धुर्वे ने 2 गोल किए।
बालक वर्ग में रायसेन ने पहले मैच में सीहोर को 5-0 से मात दी, जिसमें खालिद ने 3 गोल और लोकेश व शिव ने 1-1 गोल किए। फाइनल मुकाबले में रायसेन ने भोपाल को खालिद के शानदार गोल के सहारे 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। रायसेन टीम के शानदार प्रदर्शन की जिला कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा, जिला पुलिस अधीक्षक पंकज पांडेय, जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी जलज चतुर्वेदी और जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश यादव ने प्रशंसा की। टीम के प्रशिक्षक प्रहलाद राठौर और संध्या मेहरा को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। रायसेन की इस जीत ने खेल प्रेमियों में खुशी और उत्साह का माहौल बना दिया।


