नई दिल्ली: अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने 19 अगस्त को एशिया कप 2025 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की। इस टीम में शुभमन गिल उप-कप्तान के रूप में लौटे, जबकि श्रेयस अय्यर को टीम में जगह नहीं मिली। 9 सितंबर से 28 सितंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव संभालेंगे।
भारतीय टीम के चयन के बाद पूर्व भारतीय ओपनर बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एशिया कप टीम में चयनित नहीं होने वाले (अनसेलेक्टेड) खिलाड़ियों की प्लेइंग इलेवन बनाई, जो काफी रोचक है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी टीम में चार खिलाड़ियों को बैकअप के रूप में शामिल किया, यानी कुल मिलाकर उन्होंने पूरे 15 खिलाड़ियों का चयन किया।
श्रेयस अय्यर बने अनसेलेक्टेड प्लेइंग इलेवन के कप्तान
आकाश चोपड़ा ने अनसेलेक्टेड खिलाड़ियों की प्लेइंग इलेवन में ओपनर के रूप में यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ को शामिल किया, जबकि तीसरे नंबर पर केएल राहुल को जगह दी। इस टीम का कप्तान श्रेयस अय्यर बनाए गए और विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में ऋषभ पंत को चुना गया। ऑलराउंडर के रूप में नितीश कुमार रेड्डी, क्रुणाल पंड्या और वाशिंगटन सुंदर को टीम में शामिल किया गया।
आकाश ने इस टीम में स्पिनर के रूप में रवि बिश्नोई को चुना, जबकि तेज गेंदबाज के रूप में आईपीएल 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया। मोहम्मद सिराज को भी टीम में जगह मिली। इसके अलावा उन्होंने साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, रियान पराग और युजवेंद्र चहल को बैकअप खिलाड़ियों के रूप में शामिल किया।
एशिया कप 2025 के लिए आकाश चोपड़ा की अनसेलेक्टेड प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत, नितीश कुमार रेड्डी, क्रुणाल पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज,
बेंच- साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, युजवेंद्र चहल।


