नई दिल्ली: दक्षिण क्षेत्र के चयनकर्ताओं ने दलीप ट्रॉफी टीम में केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों को शामिल करने के बीसीसीआई के निर्देश का पालन नहीं करने का निर्णय लिया है। इसके तहत केएल राहुल, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, साई सुदर्शन और प्रसिद्ध कृष्णा को जोनल चैंपियनशिप की टीम में शामिल किए जाने की संभावना नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने एक महीने पहले राज्य संघों को ईमेल के जरिए निर्देश जारी किए थे, लेकिन दक्षिण क्षेत्र के पदाधिकारियों ने उन्हें मानने से इनकार कर दिया। फिलहाल 26 जुलाई को घोषित टीम के साथ ही बने रहेंगे। इस टीम में कप्तान तिलक वर्मा एकमात्र केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ी हैं।
दलीप ट्रॉफी रणजी खिलाड़ियों के लिए प्रदर्शन का मंच बनकर रहे: चयनकर्ता राय
दक्षिण क्षेत्र के पदाधिकारियों का तर्क है कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की क्षेत्रीय टीमों के चयन में कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उनका कहना है कि अगर बीसीसीआई अनुबंधित खिलाड़ियों को शामिल करना ही चाहती है, तो उन्हें रणजी ट्रॉफी में भाग लेना अनिवार्य करना चाहिए। इसके अलावा, वे मानते हैं कि भारतीय खिलाड़ी भारत ए टीम के मैचों में चुने जा सकते हैं। उनके अनुसार, दलीप ट्रॉफी को रणजी खिलाड़ियों के लिए प्रदर्शन का मंच बने रहना चाहिए।
दक्षिण क्षेत्र का तर्क
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण क्षेत्र के एक पदाधिकारी ने कहा, “केरल ने रणजी ट्रॉफी के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया (टूर्नामेंट के 90 साल के इतिहास में पहली बार) और उसे बहुत कम अंतर से हार का सामना करना पड़ा। उनका यह सीजन शानदार रहा और उनके खिलाड़ी दलीप ट्रॉफी के लिए चुने जाने के हकदार थे। अगर भारतीय खिलाड़ियों को टीम में लिया जाता है तो ज्यादातर केरल के खिलाड़ियों को क्षेत्रीय टीम में जगह नहीं मिलेगी।”
दलीप ट्रॉफी में घरेलू खिलाड़ियों को चुनने का फैसला
15 सदस्यीय टीम में केरल के चार, हैदराबाद के तीन, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक के दो-दो, तथा पांडिचेरी और गोवा के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं। चयन बैठक में केवल घरेलू खिलाड़ियों को ही मैदान में उतारने का प्रस्ताव पारित किया गया और इस निर्णय को समिति के मिनट में दर्ज किया गया।
मैच शुरू होने में अभी काफी समय बाकी
पिछले संस्करण के उपविजेता होने के नाते, दक्षिण क्षेत्र ने 4 सितंबर से शुरू होने वाले सेमीफाइनल में सीधे प्रवेश सुनिश्चित कर लिया है। उनके मैच में अभी काफी समय बाकी है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्षेत्रीय पदाधिकारी नरम पड़ते हैं या नहीं। हालांकि, उनका कहना है कि यात्रा और रहने की व्यवस्था पहले ही तय हो चुकी है, इसलिए बदलाव की संभावना कम है। टीम के मुख्य कोच लक्ष्मीपति बालाजी हैं।
अन्य क्षेत्रीय चयन समितियों ने बीसीसीआई के निर्देशों का पालन किया
अन्य क्षेत्रीय चयनकर्ताओं ने बीसीसीआई के निर्देशों का पालन किया है और 28 अगस्त से 15 सितंबर तक बेंगलुरु में होने वाले टूर्नामेंट के लिए अनुबंधित खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है। मध्य क्षेत्र ने कुलदीप यादव, रजत पाटीदार और ध्रुव जुरेल को चुना है। पूर्व क्षेत्र ने मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, इशान किशन और आकाशदीप को टीम में शामिल किया है। पश्चिम क्षेत्र ने यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर और सरफराज खान को चुना है, जबकि उत्तर क्षेत्र ने शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को टीम में शामिल किया है।
दक्षिण क्षेत्र टीम
तिलक वर्मा (कप्तान), मोहम्मद अजहरुद्दीन (उपकप्तान, विकेटकीपर), तन्मय अग्रवाल, देवदत्त पडिक्कल, मोहित काले, सलमान निजर, एन जगदीसन (विकेटकीपर), टी विजय, आर साई किशोर, तनय त्यागराजन, विशाक विजयकुमार, एमडी निधिश, रिकी भुई, बासिल एनपी, गुरजापनीत सिंह, स्नेहल कौथंकर।


