नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम ने एकमात्र अनऑफिशियल टेस्ट मैच में इंडिया ए को 6 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। इंडिया ए ने मेजबान टीम के सामने 281 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ए ने मुकाबले के चौथे दिन ही आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत में उनकी टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों का बड़ा योगदान रहा। टीम के लिए अनिका लियरॉयड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 72 रन बनाए और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
मैच के चौथे दिन जल्दी सिमटी टीम इंडिया ए की पारी
टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 8 विकेट पर 260 रन था। चौथे दिन टीम इंडिया ने अपनी पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन पूरी टीम 286 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस पारी में राघवी बिष्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 86 रन बनाए, जबकि शैफाली वर्मा ने 52 रनों का योगदान दिया। भारत की दूसरी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम के सामने जीत के लिए 281 रनों का लक्ष्य रखा गया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए चमके ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज
281 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम ने चौथे दिन शानदार शुरुआत की। ताहलिया विल्सन और राचेल ट्रैनमैन ने पहले विकेट के लिए 117 रनों की मजबूत साझेदारी की। भारत को पहली सफलता साइमा ठाकोर ने दिलाई, जब उन्होंने विल्सन को पवेलियन भेजा। इसके थोड़ी देर बाद ट्रैनमैन भी 64 रन बनाकर आउट हो गईं। हालांकि इसके बाद मैडी डार्के ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 68 रनों का अहम योगदान दिया। अंततः ऑस्ट्रेलिया ए ने 85.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 281 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया और मुकाबले को अपने नाम किया
पहली पारी में राघवी बिष्ट का शानदार 93 रन
इस मैच में इंडिया ए टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 299 रन बनाए। टीम के लिए राघवी बिष्ट ने सबसे ज्यादा 93 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि, वह दोनों पारियों में शतक के करीब पहुंचकर भी उसे पूरा नहीं कर सकीं। उनके अलावा जोशिता वी.जे. ने 51 रनों का योगदान दिया। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ए ने अपनी पहली पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी की और 305 रन बनाए। उनके लिए सियाना जिंजर ने शतक जड़ते हुए 103 रन बनाए, जबकि निकोले फाल्टम ने 54 और ताहलिया विल्सन ने 49 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ए को पहली पारी के आधार पर 6 रनों की मामूली बढ़त हासिल हुई।


