नई दिल्ली: कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट लूसिया किंग्स को 18 रनों से हराया। इस मुकाबले में कायरन पोलार्ड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। ट्रिनबागो की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में सेंट लूसिया किंग्स की पूरी टीम 165 रनों पर ढेर हो गई और जीत ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के नाम रही।
ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की ओर से कॉलिन मुनरो और एलेक्स हेल्स ने 47 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद कप्तान निकोलस पूरन ने 34 रनों का योगदान देकर पारी को संभाला। हालांकि असली धमाका कायरन पोलार्ड ने किया, जिन्होंने मात्र 29 गेंदों में 65 रन ठोके। उनकी पारी में चार चौके और 6 लंबे छक्के शामिल थे। पोलार्ड के आते ही रनगति तेज हो गई और सेंट लूसिया किंग्स के गेंदबाज उनके सामने पूरी तरह बेबस नजर आए।
अपनी विस्फोटक पारी के दौरान 6 छक्के जड़ते ही कायरन पोलार्ड ने कैरेबियन प्रीमियर लीग में नया इतिहास रच दिया। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। पोलार्ड अब तक CPL में कुल 203 छक्के लगा चुके हैं और इस मामले में उन्होंने एविन लुईस का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 200 छक्के लगाए थे। इस उपलब्धि के साथ पोलार्ड ने सभी बल्लेबाजों को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 का सिंहासन हासिल कर लिया है और CPL के सबसे बड़े छक्केबाज बन गए हैं।
कैरेबियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज:

कायरन पोलार्ड साल 2013 से कैरेबियन प्रीमियर लीग का हिस्सा रहे हैं और अपने दमदार खेल से उन्होंने टूर्नामेंट में खास पहचान बनाई है। अब तक वह CPL के 128 मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 2936 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 14 अर्धशतक निकले हैं। पोलार्ड साल 2019 से लगातार ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की टीम से जुड़े हुए हैं और टीम के लिए मैच जीताऊ प्रदर्शन करते आ रहे हैं।


