16वीं एशियाई शूटिंग चैम्पियनशिप में भारत को दिलाए दो मेडल, खेल मंत्री विश्वास सारंग ने दी बधाई
(NST News) भोपाल. कजाकिस्तान के शिमकेंट शूटिंग प्लाजा में चल रही 16वीं एशियाई शूटिंग (रायफल) चैम्पियनशिप 2025 में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के निशानेबाज एश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक जीते। उन्होंने 50 मीटर थ्री पोजीशन पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। क्वालिफिकेशन राउंड में 584 अंक लेकर फाइनल में पहुंचे तोमर ने फाइनल में बेहतरीन एकाग्रता और सटीकता दिखाते हुए 462.5 अंक जुटाए और गोल्ड अपने नाम किया। इस स्पर्धा में चीन के ज्हाओ वेन्यु को रजत और जापान के ओकादा नाओया को कांस्य मिला।

टीम इवेंट में भी एश्वर्य का प्रदर्शन शानदार रहा। 50 मीटर थ्री पोजीशन पुरुष टीम स्पर्धा में एश्वर्य प्रताप सिंह (584 अंक), चैन सिंह (582 अंक) और अखिल श्योरन (581 अंक) ने कुल 1747 अंक अर्जित किए और भारत को रजत पदक दिलाया। इस स्पर्धा में चीन की टीम 1750 अंकों के साथ पहले स्थान पर रही। इस उपलब्धि पर मध्यप्रदेश के खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने तोमर को बधाई दी और कहा कि उनका प्रदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणा है। इस चैम्पियनशिप में एशिया के 27 देशों के 748 खिलाड़ी 120 स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं।


