15वीं पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में खिलाड़ियों का दमखम: भोपाल के अर्पित, ऐलिस और प्रकृति ने जीते स्वर्ण पदक

0

टीटी नगर स्टेडियम में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, पदक वितरण समारोह में अतिथियों ने बढ़ाया हौसला

(NST News) भोपाल. टीटी नगर स्टेडियम में चल रही 15वीं पीएसएएमपी पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रविवार को खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए पदक प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के दौरान ट्रैक और फील्ड इवेंट्स में राजधानी भोपाल के खिलाड़ियों का दबदबा रहा और कई जिलों से आए प्रतिभागियों ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पुरुष 100 मीटर दौड़ में भोपाल के अर्पित शर्मा ने 13.62 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। ग्वालियर के रोहित सिंह को रजत और मंडला के चंद्र चक्रवर्ती को कांस्य मिला। 200 मीटर दौड़ में ग्वालियर के धमेंद्र ने 15.40 सेकंड में पहला स्थान पाया, जबकि शिवपुरी के पवन राजक दूसरे और शाजापुर के अजय भैसैनिया तीसरे नंबर पर रहे।

400 मीटर दौड़ में जबलपुर के अनुराग लखेड़ा ने 21.29 सेकंड में गोल्ड जीता, लेकिन भोपाल के अविरल त्रिवेदी ने 27.52 सेकंड के साथ रजत पदक हासिल कर मेजबान शहर का मान बढ़ाया। महिला वर्ग में भोपाल की ऐलिस ने 25.83 सेकंड में और प्रकृति गुप्ता ने 21.62 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। उनके शानदार प्रदर्शन से पूरे स्टेडियम में तालियां गूंज उठीं। रतलाम के संदीप सांखला ने 1500 मीटर दौड़ में 1:35.38 मिनट का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। भोपाल के प्रियेश कुमार यादव ने 1:09.07 मिनट में रजत हासिल किया। विदिशा के सुरेश यादव ने 10:52.35 मिनट में 3000 मीटर दौड़ जीत ली, जबकि जबलपुर के अरपित कुमार ने 5:20.39 मिनट का समय निकालकर 800 मीटर में पहला स्थान पाया। लंबी कूद में रीवा के शुभम मिश्रा ने 3.97 मीटर की छलांग से स्वर्ण जीता। भोपाल के उमेश कुमार ने 3.51 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान पाया।

 

चंद्रपुर के मोहन कुशवाहा ने 4.92 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड जीता। इंदौर के शशि कुमार मलवीय ने ऊंची कूद में और जबलपुर के श्यामलाल पटेल ने लंबी कूद में बाजी मारी। थ्रो इवेंट में भोपाल के धमेंद्र ने 31.98 मीटर तक भाला फेंककर स्वर्ण पदक हासिल किया। छिंदवाड़ा के तरुण सोनी रजत पर रहे। रविवार को 15वीं पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान आयोजित पदक वितरण समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में कर्नल विवेक सिंह पंवार तथा भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पैरा एथलीट्स ने अपने संघर्ष और मेहनत से समाज में एक नई प्रेरणा स्थापित की है।

पदक वितरण समारोह में मंच पर डा. विवेक सिंह परिहार, डा. अंकुर, डा. रविन्द्र, डा. अनिल कुमार एवं टिका राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने पदक विजेताओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here