नई दिल्ली: मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने सोमवार (25 अगस्त) को रेडिट पर फैंस के साथ मजेदार बातचीत की। आस्क मी एनीथिंग (AMA) सेशन के दौरान उन्होंने अलग-अलग सवालों का दिलचस्प अंदाज़ में जवाब दिया। इस दौरान अंपायर स्टीव बकनर पर भी चर्चा हुई, जिन्होंने 2003 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट और 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ ईडन गार्डन टेस्ट में तेंदुलकर को विवादित तरीके से आउट करार दिया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सेशन के दौरान एक फैन ने मजाकिया लहजे में पूछा कि क्या वे असली सचिन तेंदुलकर हैं? इस पर तेंदुलकर ने चुटीले अंदाज़ में ऐसा जवाब दिया कि फैन की बोलती बंद हो गई।
जब एक प्रशंसक ने सचिन तेंदुलकर से पूछा कि क्या उनके मन में अंपायर स्टीव बकनर को लेकर कोई विचार हैं, तो मास्टर ब्लास्टर ने मजाकिया अंदाज़ में जवाब दिया, “जब मैं बल्लेबाजी करूं तो उन्हें बॉक्सिंग ग्लव्स पहना दें, ताकि वे अपनी उंगली न उठा सकें।” तेंदुलकर का यह चुटीला जवाब चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, इसी तरह के जवाबों से एक प्रशंसक को शक हुआ और उसे लगा कि शायद तेंदुलकर खुद फैंस के सवालों का जवाब नहीं दे रहे हैं।
सचिन से फैन की फरमाइश – वॉइस नोट भेजिए
एक फैन ने सचिन तेंदुलकर से मजाकिया अंदाज़ में पूछा, “सच में सचिन तेंदुलकर हैं क्या? कृपया वॉइस नोट शेयर करें।” इस पर तेंदुलकर ने अनोखा जवाब दिया। उन्होंने अपनी एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वे बड़े स्क्रीन पर उसी फैन के सवाल की ओर इशारा करते नजर आ रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसके साथ ही उन्होंने लिखा, “अभी आधार कार्ड भेजूं क्या?” उनके इस मजेदार जवाब ने फैंस की खूब वाहवाही बटोरी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सचिन तेंदुलकर से क्या हुआ सवाल
- प्रश्न: बहस को खत्म करिए: वेस्टइंडीज का गेंदबाजी आक्रमण या ऑस्ट्रेलिया का गेंदबाजी आक्रमण?
- सचिन तेंदुलकर: क्यों? क्या आप उन्हें खेलने वाले हैं?
- प्रश्न: क्या आप यात्रा की कोई बकेट लिस्ट रखते हैं या फिर फ्ले के साथ चलते हैं?
- सचिन तेंदुलकर: अंजलि लिस्ट लेकर चलती है और मैं बस उसके फ्लो के साथ चलता हूं!
- प्रश्न:आपका पसंदीदा विकेट कौन सा है?
- सचिन तेंदुलकर: मोईन खान… दिन की आखिरी गेंद।
- प्रश्न: अगर सचिन क्रिकेटर नहीं होते, तो वे कौन सा पेशा चुनते?
- सचिन तेंदुलकर: टेनिस खिलाड़ी!
- प्रश्न: आमिर खान ने कहा था कि वे भी टेनिस खिलाड़ी होते। क्या आपने कभी उनके साथ टेनिस खेला है?
- सचिन तेंदुलकर: नहीं, लेकिन मैंने उनके साथ टेबल टेनिस खेला है।


