T20 सीरीज से पहले संकट में न्यूजीलैंड, 3 खिलाड़ी बाहर, कप्तान पर भी संशय

0

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले न्यूजीलैंड टीम चोटों से जूझ रही है। विलियम ओ’रुके, ग्लेन फिलिप्स और फिन एलेन अगले महीने से शुरू होने वाली चैपल-हेडली ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं। टीम की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं, क्योंकि कप्तान मिचेल सेंटनर की उपलब्धता पर भी संशय बना हुआ है।

स्कैन रिपोर्ट में विलियम ओ’रुके की पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। इसी कारण 24 वर्षीय तेज़ गेंदबाज अब कम से कम तीन महीने तक मैदान से दूर रहेंगे। यह चोट उन्हें इस महीने की शुरुआत में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान लगी थी। फिलहाल वह घर लौट चुके हैं और अगली मेडिकल जांच से पहले स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग प्रोग्राम से गुजरेंगे।

न्यूजीलैंड को झटका, ओ’रुके तीन सीरीज से बाहर

ओ’रुके लगातार तीन सीरीज से बाहर हो गए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया (1–4 अक्टूबर), इंग्लैंड (18 अक्टूबर–1 नवंबर) और वेस्टइंडीज (5–22 नवंबर) के दौरे शामिल हैं। इस बीच, ग्लेन फिलिप्स ग्रोइन इंजरी से जूझ रहे हैं, जिसके चलते उन्हें जिम्बाब्वे सीरीज से बाहर होना पड़ा था। उनकी चोट का एक महीने बाद दोबारा आकलन किया जाएगा। वहीं, फिन एलन दाहिने पैर की सर्जरी के बाद लंबे समय तक मैदान से दूर रहेंगे और कम से कम तीन महीने तक वापसी नहीं कर पाएंगे।

कप्तान सेंटनर की उपलब्धता पर संशय

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। द हंड्रेड के दौरान उन्हें ग्रोइन में दर्द हुआ था, जिसके बाद वह स्वदेश लौट आए। बाएं हाथ के इस स्पिनर की पेट की सर्जरी होगी और पूरी तरह फिट होने में करीब एक महीना लग सकता है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में उनके खेलने पर सस्पेंस बरकरार है। हालांकि कीवी टीम के लिए राहत की खबर यह है कि तेज गेंदबाज बेन सियर्स साइड स्ट्रेन से उबर चुके हैं और घरेलू सत्र की शुरुआत में मैदान पर लौटने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here