(NST News) भोपाल. मध्य प्रदेश थांगता एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित 6वीं राज्य स्तरीय थांगता प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 24 अगस्त तक एलएनसीटी यूनिवर्सिटी, भोपाल में संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में 20 जिलों के 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। बालक वर्ग में भोपाल ने 27 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग में छिंदवाड़ा ने 22 स्वर्ण पदक जीतकर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में डॉ. अनुपम चौकसे, डॉ. धर्मेंद्र गुप्ता, डॉ. श्वेता चोकसे और शिवेंद्र सिंह परमार मुख्य अतिथि थे। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त जिलों को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को मेडल तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। एलएनसीटी की ओर से खेलो इंडिया में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को ट्रैकसूट और उपहार भी दिए गए।
प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों और वजन वर्गों में प्रतिभागियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। 14 वर्ष सब-जूनियर और 18 वर्ष से अधिक सीनियर वर्ग के खिलाड़ी गोवा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जबकि 18 वर्ष जूनियर वर्ग के खिलाड़ी असम, गुवाहाटी में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर एलएनसीटी स्पोर्ट्स डायरेक्टर पंकज कुमार जैन ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने की शुभकामनाएं दी।


