मप्र अकादमी के सैय्यद अहान अली ने एशियाई शूटिंग चैम्पियनशिप में जीते दो पदक

0

(NST News) भोपाल. कजाकिस्तान के शिमकेंट में 16वीं एशियाई शूटिंग (शॉटगन) चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन 16 से 30 अगस्त तक चल रहा है। इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के युवा शूटर सैय्यद अहान अली ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने पुरुष वर्ग की शॉटगन ट्रेप स्पर्धा में 102 अंक बनाकर व्यक्तिगत कांस्य पदक हासिल किया। स्वर्ण पदक भारत के युगान मुथुकुमार सक्थवेल ने 116 अंक बनाकर जीता, जबकि रजत पदक ईरान के शयान फ्राउदी को मिला। टीम स्पर्धा में सैय्यद अहान अली ने भारतीय टीम के साथ शानदार तालमेल दिखाया। टीम में युगान मुथुकुमार सक्थवेल, सैय्यद अहान अली और मानवराज सिंह शामिल थे। तीनों खिलाड़ियों ने मिलकर कुल 308 अंक बनाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रजत पदक कजाकिस्तान टीम को 269 अंक के साथ मिला। इस सफलता से प्रदेश और देश दोनों को गर्व महसूस हुआ।

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सैय्यद अहान अली की इस उपलब्धि की सराहना की और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। मध्य प्रदेश के खेल और युवा कल्याण विभाग के संचालक राकेश गुप्ता ने भी उन्हें बधाई दी और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। इस प्रदर्शन ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित किया है और उन्हें उच्च स्तर पर खेल में आने की दिशा दिखाई है। इस एशियाई शूटिंग चैम्पियनशिप में एशिया के 27 देशों के कुल 748 प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष वर्ग की कुल 120 स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। सैय्यद अहान अली की यह उपलब्धि मध्य प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है और यह दिखाती है कि युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here