तात्या टोपे स्टेडियम में हुई दूसरी राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भोपाल–इंदौर के खिलाड़ियों का दबदबा
(NST News) भोपाल. तात्या टोपे स्टेडियम में आयोजित दूसरी यूटीटी राज्य स्तरीय रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। मध्यप्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में भोपाल जिला टेबल टेनिस संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में इंदौर के मृदुल जोशी और भोपाल की पार्मी नागदेव छा गए। मृदुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रिपल क्राउन अपने नाम किया, जबकि पार्मी ने डबल क्राउन जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश स्टेट संघ के अध्यक्ष एवं ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी मौजूद रहे। उनके साथ खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक बीएस यादव और सहायक संचालक प्रदीप अस्थाया भी मंच पर उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बालक वर्ग के मुकाबले
बालक वर्ग के मैचों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। अंडर-11 बालिका वर्ग में इंदौर की अनिका महेश्वरी ने भोपाल की खुशी को 3-1 से मात दी। बालक वर्ग में इंदौर के आरव कसर ने अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया। अंडर-13 बालिका वर्ग में इंदौर की जाकिया ने नेहल को 3-1 से हराकर खिताब जीता। इसी वर्ग के बालक मुकाबले में मृदुल जोशी ने शानदार खेल दिखाते हुए समीर सैयद को हराया। अंडर-15 वर्ग में भी इंदौर का दबदबा रहा। बालिका वर्ग में अद्विका ने खिताब जीता, जबकि बालक वर्ग का खिताब फिर मृदुल जोशी के नाम रहा।
पार्मी और मृदुल का दबदबा
अंडर-17 वर्ग में भोपाल की पार्मी नागदेव ने इंदौर की अद्विका को 3-1 से हराकर खिताब जीता। वहीं बालक वर्ग में मृदुल जोशी ने अबूबकर को मात देकर अपनी जीत की लय बरकरार रखी। अंडर-19 बालिका वर्ग में भी पार्मी नागदेव का जलवा देखने को मिला। उन्होंने इंदौर की अद्विका अग्रवाल को सीधे सेटों में 3-0 से हराया। बालक वर्ग में मृदुल जोशी ने इंदौर के अभी जैन को हराकर ट्रिपल क्राउन पूरा किया।
वरिष्ठ वर्ग में जोरदार टक्कर
महिला वर्ग का फाइनल भी कड़ा रहा। इंदौर की पूजा शर्मा ने भाव्या राव को 3-1 से हराया और चैंपियन बनीं। पुरुष वर्ग में इंदौर के रोहन जोशी और प्रथम बाथम के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। रोहन ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 3-1 से मुकाबला जीत लिया।
समापन समारोह
प्रतियोगिता के अंत में मुख्य अतिथि ओम सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य के युवा खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी चमक दिख रही है। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों का व्यक्तित्व निखरता है और अनुशासन की भावना आती है। आयोजन सचिव विवेक बंटी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

