इंडिया की ग्लोबल स्पोर्ट्स बनी वर्ल्ड पिकलबॉल एलायंस की सदस्य, पहला प्रो टूर लॉन्च

0

APP, CNPL, EPF, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और वियतनाम के संगठनों के साथ मिलकर 2026 से 30 बड़े टूर्नामेंट होंगे, खिलाड़ियों को मिलेगा ग्लोबल करियर पथ

मुंबई। भारत की ग्लोबल स्पोर्ट्स ने पिकलबॉल खेल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई ऊंचाई देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है। 2021 में स्थापित यह संस्था भारत में पिकलबॉल को एक बड़े आंदोलन में बदल चुकी है। अब ग्लोबल स्पोर्ट्स ने अमेरिका की एसोसिएशन ऑफ पिकलबॉल प्लेयर्स (APP), कनाडा की नेशनल पिकलबॉल लीग (CNPL), यूरोपियन पिकलबॉल फेडरेशन (EPF), ऑस्ट्रेलिया की नेशनल पिकलबॉल लीग (NPL), इंग्लैंड और वियतनाम की पिकलबॉल D-Joy के साथ मिलकर दुनिया का पहला ग्लोबल पिकलबॉल एलायंस बनाया है। इस गठबंधन का उद्देश्य खिलाड़ियों को एकीकृत रैंकिंग सिस्टम, बड़े इनामी पूल, प्रायोजन और स्थायी करियर अवसर प्रदान करना है।

इस गठबंधन का सबसे बड़ा आकर्षण 2026 का विश्व कैलेंडर है, जिसमें कम से कम 30 बड़े टूर्नामेंट होंगे। टूर्नामेंट तीन स्तरों में विभाजित होंगे और हर स्तर पर इनामी राशि और अंक प्रणाली अलग होगी। कैलेंडर इस तरह से तैयार किया गया है कि किसी भी प्रमुख इवेंट की तारीख आपस में न टकराए। अमेरिका के U.S. Open, इंग्लैंड का English Open, कनाडा का Canadian Open और वियतनाम के Pickleball D-Joy इवेंट्स इसके खास हिस्से होंगे। इससे खिलाड़ियों को पूरे साल निरंतर खेलते रहने और अपनी रैंकिंग सुधारने का मौका मिलेगा।

भारत इस कैलेंडर में अहम भूमिका निभाएगा। फरवरी 2026 में इंडियन ओपन से शुरुआत होगी। इसके बाद जुलाई में मानसून ओपन आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्टार भी हिस्सा लेंगे। दिसंबर में इंडियन ग्रैंड स्लैम होगा, जिसे एशिया का सबसे बड़ा पिकलबॉल टूर्नामेंट माना जा रहा है। इन आयोजनों से भारत न केवल मेजबानी का केंद्र बनेगा बल्कि खेल पर्यटन, स्थानीय प्रतिभाओं और स्पोर्ट्स इंडस्ट्री के लिए भी नए अवसर पैदा करेगा।

गठबंधन में शामिल संस्थाओं ने इस ऐतिहासिक कदम का स्वागत किया है। APP संस्थापक केन हरमन ने कहा कि यह पिकलबॉल खिलाड़ियों को पहले से कहीं अधिक अवसर देगा और उनके करियर को मजबूती देगा। ग्लोबल स्पोर्ट्स के फाउंडिंग पार्टनर शशांक खैतान ने कहा कि हमारा उद्देश्य खिलाड़ियों को संरचित करियर देना और पिकलबॉल को एक वैश्विक परिवार बनाना है।पिकलबॉल इंग्लैंड की सह-संस्थापक कैरन मिशेल ने भी इसे खिलाड़ियों और खेल दोनों के लिए लाभकारी करार दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here