दलीप ट्रॉफी में छाए मनीषी, नॉर्थ जोन के खिलाफ 6 विकेट लेकर कर दिया कमाल

0

नई दिल्ली: दलीप ट्रॉफी के पहले क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन शुक्रवार (29 अगस्त) को ईस्ट जोन ने नॉर्थ जोन की पारी 405 रन पर समेट दी। इस दौरान बाएं हाथ के स्पिनर मनीषी ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 6 विकेट झटके। झारखंड के जमशेदपुर के रहने वाले 21 वर्षीय इस खिलाड़ी ने सभी बल्लेबाज़ों को एलबीडब्ल्यू आउट किया। उन्होंने 22.2 ओवर में 111 रन देकर कुल 6 विकेट अपने नाम किए।

मनीषी ने दलीप ट्रॉफी में अपने शानदार प्रदर्शन की शुरुआत पहले दिन ही कर दी थी, जब उन्होंने तीन अहम विकेट झटके। उन्होंने अंकित कुमार (30), शुभम खजुरिया (26) और यश ढुल (29) को पवेलियन भेजा। दूसरे दिन मनीषी ने अपनी दूसरी ही गेंद पर आकिब नबी (44) को आउट किया। इसके बाद उन्होंने हर्षित राणा (7) को पवेलियन भेजकर अपना पांचवां विकेट पूरा किया। अंत में कन्हैया वधावन (76) को आउट करके नॉर्थ जोन की पारी को समेट दिया।

स्पिन के गुरू हेराथ से प्रेरणा लेते हैं मनीषी

मनीषी का यह मात्र नौवां प्रथम श्रेणी मैच है। क्रिकइंफो के अनुसार वह एक मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं और झारखंड के जमशेदपुर में पले-बढ़े हैं। उन्होंने कई कोचिंग एकेडमियों से प्रशिक्षण लिया। शुरुआत में मनीषी बल्लेबाज़ थे, लेकिन धीरे-धीरे उनका रुझान गेंदबाज़ी की ओर बढ़ा। उन्होंने डेनियल विटोरी, रंगना हेराथ और रविंद्र जडेजा के वीडियो देखकर बाएं हाथ की स्पिन की कला सीखी। उनका गेंदबाज़ी एक्शन हेराथ से काफी मिलता-जुलता है, जिनके वह बड़े प्रशंसक भी हैं। मनीषी की खासियत अपनी गेंद की गति को नियंत्रित करना है। वह ‘मिस्ट्री बॉल’ पर निर्भर रहने के बजाय गति और विविधता में बदलाव पर भरोसा करते हैं।

दलीप ट्रॉफी में मनीषी ने चेतेश्वर पुजारा को किया आउट

ड्रिफ्ट की वजह से मनीषी को अपना बड़ा विकेट मिला था। नवंबर 2024 में रणजी ट्रॉफी के दौरान झारखंड और सौराष्ट्र के बीच मुकाबले में उन्होंने अपने पांचवें प्रथम श्रेणी मैच में अनुभवी बल्लेबाज़ चेतेश्वर पुजारा को फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर बैट-पैड कैच कराया। मनीषी ने मात्र 20 साल की उम्र में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था, लेकिन झारखंड टीम में सीनियर खिलाड़ियों शाहबाज नदीम और अनुकूल रॉय की मौजूदगी के कारण उन्हें अपना दूसरा मैच खेलने के लिए लगभग दो साल का इंतजार करना पड़ा। मनीषी 2020 अंडर-19 विश्व कप में भी जगह बनाने के करीब पहुंचे थे, लेकिन अंतिम चयन में सफल नहीं हो पाए।

रणजी ट्रॉफी में मनीषी का जलवा

शाहबाज नदीम के संन्यास के बाद मनीषी को झारखंड टीम में लगातार मौके मिलने लगे और उन्होंने इस अवसर का पूरा फायदा उठाया। 2024-25 रणजी ट्रॉफी में वह झारखंड के दूसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बने। मनीषी ने 11 पारियों में 27.22 की औसत से 22 विकेट अपने नाम किए। उनके इस प्रदर्शन के दम पर ही उन्हें दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट ज़ोन टीम में शामिल किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here