राष्ट्रीय खेल दिवस: म.प्र. हॉकी अकादमी ने पश्चिम मध्य रेलवे को 3-2 से हराया

0

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों का सतत विकास, मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने पूर्व खिलाड़ियों को किया सम्मानित

(NST News) भोपाल। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में शानदार आयोजन हुआ। इस मौके पर मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने रोमांचक मुकाबले में पश्चिम मध्य रेलवे की टीम को 3-2 से हराया। मैच के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में खेलों का सतत विकास हो रहा है और अब देश 2036 ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि उनका खेल के प्रति समर्पण हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने 1936 जर्मनी ओलंपिक में ध्यानचंद के प्रदर्शन को याद किया और कहा कि खेल राष्ट्रप्रेम और अनुशासन का संदेश समाज तक पहुंचाते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों को फिट इंडिया शपथ दिलाई।

कम से कम 10 लोगों को खेल और फिटनेस से जोड़े

कार्यक्रम में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का आह्वान है – “फिट इंडिया से बनेगा हिट इंडिया।” उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि हर आयु वर्ग खेलों से जुड़े और फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए। सारंग ने खिलाड़ियों से अपील की कि अगले तीन महीनों में हर खिलाड़ी कम से कम 10 लोगों को खेल और फिटनेस से जोड़े। उन्होंने कहा कि जब खिलाड़ी खुद प्रेरणा स्रोत बनेंगे, तब यह आंदोलन घर-घर तक पहुंचेगा और भारत स्वस्थ और सक्षम बनेगा।

पूर्व खिलाड़ियों का सम्मान

राष्ट्रीय खेल दिवस पर पूर्व खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया। इसमें 1976 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले हॉकी खिलाड़ी मेहबूब खान, 1978 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य मो. युसुफ, 2000 सिडनी ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे समीर दाद, 2017 वर्ल्ड रेड स्नूकर चैंपियनशिप में पदक विजेता कमल चावला और 2016 रियो ओलंपिक में भाग लेने वाले लांग जंप खिलाड़ी अंकित शर्मा शामिल थे। खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।

खेल मंत्री ने देखा हाकी मुकाबला

खेल के मैदान पर शुरुआत में पश्चिम मध्य रेलवे टीम ने दबदबा बनाया। 8वें मिनट में कप्तान जमीर ने पहला गोल किया और 12वें मिनट में मो. ताज ने दूसरा गोल दागा। हालांकि मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने तेजी से वापसी की। 15वें मिनट में कप्तान कुनेन दाद ने पहला गोल किया, 20वें मिनट में मो. अनस ने बराबरी का गोल दागा और 29वें मिनट में आदित्य ने निर्णायक गोल कर टीम को 3-2 से जीत दिला दी। इस रोमांचक मुकाबले के बाद मंत्री सारंग ने दोनों टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के मैच खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ाते हैं और उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here