कयाकिंग केनोइंग संघ ने मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस: भारतीय महिला कैनो टीम ने जीता एशियाई चैम्पियनशिप में रजत

0

(NST News) भोपाल. राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश क्याकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन की ओर से मेजर ध्यानचंद की 120वीं जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजधानी में खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने हॉकी के जादूगर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इस दौरान एसोसिएशन अध्यक्ष पी.एस. बुंदेला और सचिव मयंक ठाकुर ने खिलाड़ियों को सरकार द्वारा निर्धारित शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विदेशी कोच एलेक्जेंडर भी मौजूद रहे, जिनका पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। उन्होंने भारतीय खेल संस्कृति और राष्ट्रीय खेल दिवस की सराहना करते हुए कहा कि जिस देश में खिलाड़ियों को सम्मान दिया जाता है, वहां खेलों का भविष्य उज्ज्वल होता है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद गांधी सरोवर पर क्याकिंग और कैनोइंग की प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। मुख्य आकर्षण रहा “केनो स्प्रिंट” और “केनो स्लैलम” इवेंट, जिन्हें हरी झंडी दिखाकर प्रारंभ किया गया। एसोसिएशन के पदाधिकारी सी.एस. खरे, हर्ष लिटोरिया, सरदार बृजेंद्र सिंह, सोहेल खान और अन्य ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इसी कड़ी में अगले दिन ड्रैगन बोट की 10-सीटर 200 मीटर रेस का आयोजन किया जाएगा।

इसी बीच, भारत की महिला कैनो टीम ने चीन के गुइझोउ में 14 से 17 अगस्त तक आयोजित सीनियर एशियाई कैनो स्लैलम चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। सी-1 टीम इवेंट में रीना सेन, शिखा चौहान और पल्लवी जगताब की तिकड़ी ने रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। इस प्रतियोगिता में आठ देशों की टीमें शामिल हुईं, जिसमें चीन ने स्वर्ण, भारत ने रजत और कजाकिस्तान ने कांस्य पदक जीता।

भारतीय टीम ने इस चैम्पियनशिप से पहले थाईलैंड में 12 दिन के विशेष अभ्यास शिविर में हिस्सा लिया था। उन्हें जर्मनी के कोच त्साकमाकिस क्रिस्टोस और भारतीय चीफ कोच कुलदीप सिंह कीर तथा चंपा मोरिया ने प्रशिक्षण दिया। इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश क्याकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष पी.एस. बुंदेला, सचिव मयंक ठाकुर और पदाधिकारियों ने टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन देश के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here