नितीश राणा की तूफ़ानी बल्लेबाज़ी से टीम ने फाइनल में लगाई छलांग

0

नई दिल्ली:  दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली प्रीमियर लीग के मुकाबलों का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट के दूसरे क्वालीफायर मैच में नितीश राणा ने 26 गेंदों में नाबाद 45 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम वेस्ट दिल्ली लायंस को फाइनल में पहुंचाया है। वेस्ट दिल्ली की टीम ने इस मैच में ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 8 विकेट से मात दी। मुकाबले में ईस्ट दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। इसके जवाब में वेस्ट दिल्ली ने 17.3 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया।

140 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाती नजर आई। टीम को पहला झटका 16 के स्कोर पर लगा, जब अंकित कुमार 5 गेंदों पर सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज कृष यादव ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 25 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 37 रन बनाए, लेकिन 55 के स्कोर पर वह भी पवेलियन लौट गए। दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद आयुष दोसेजा और कप्तान नितीश राणा ने जिम्मेदारी संभाली और बेहतरीन साझेदारी करते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया तथा नाबाद लौटे। आयुष दोसेजा ने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन 49 गेंदों पर 54 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। उनके अलावा नितीश राणा ने 26 गेंदों पर 45 बनाए। उन्होंने भी अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। वेस्ट दिल्ली की टीम ने 17.3 ओवर में 8 विकेट रहते आसानी से टारगेट को हासिल कर लिया।

वहीं ईस्ट दिल्ली की टीम इस मुकाबले में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई। गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी, टीम किसी भी विभाग में प्रभाव नहीं छोड़ पाई। बल्लेबाजी में केवल अर्पित राणा ही चमके, जिन्होंने 38 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से शानदार 50 रन बनाए। उनके अलावा सिर्फ रौनक वाघेला ने 24 रनों का योगदान दिया। टीम का मिडिल ऑर्डर पूरी तरह लड़खड़ा गया, जबकि कप्तान अनुज रावत ने बेहद धीमी बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों पर मात्र 15 रन बनाए। इसी वजह से ईस्ट दिल्ली बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। अब फाइनल मुकाबला 31 अगस्त को खेला जाएगा, जहां वेस्ट दिल्ली की भिड़ंत जोंटी सिद्धू की कप्तानी वाली सेंट्रल दिल्ली से होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here