नई दिल्ली : रिंकू सिंह को एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम के स्क्वॉड में जगह मिली है और टूर्नामेंट से पहले उनका शानदार फॉर्म टीम इंडिया के लिए राहत की खबर है। इन दिनों वह यूपी T20 लीग में मेरठ मैवरिक्स की कप्तानी कर रहे हैं और बल्ले से लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। लीग के 27वें मुकाबले में काशी रुद्रास के खिलाफ रिंकू ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को 7 विकेट से जीत दिलाई। उनकी इस पारी ने न सिर्फ मेरठ मैवरिक्स को मजबूत किया बल्कि एशिया कप से पहले भारतीय क्रिकेट फैन्स को भी उत्साहित कर दिया।
मेरठ की टीम को इस मैच में 136 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन उसका आगाज़ काफी निराशाजनक रहा। पहले ही ओवर में स्वास्तिक चिकारा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके तुरंत बाद दूसरे ओवर में आकाश दुबे भी सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। टीम को शुरुआती झटकों से उबरने की उम्मीदें नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए रुतुराज शर्मा से थीं, लेकिन वह भी लंबी पारी नहीं खेल पाए और 19 गेंदों पर 15 रन बनाकर चलते बने। शुरुआती विकेटों के गिरने से मेरठ की पारी पर दबाव साफ झलकने लगा।
यहां से माधव कौशिक और कप्तान रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला और शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला। दोनों ने मिलकर 112 रनों की नाबाद साझेदारी की, जिसकी बदौलत मेरठ की टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। माधव कौशिक 34 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि रिंकू सिंह ने सिर्फ 48 गेंदों पर ताबड़तोड़ 78* रन ठोके। उनकी इस पारी में 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे, यानी कुल 12 बार उन्होंने गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया। रिंकू का स्ट्राइक रेट 162 का रहा। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी को देखकर टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव भी निश्चित रूप से बेहद खुश हुए होंगे और चाहेंगे कि रिंकू एशिया कप में भी इसी धमाकेदार फॉर्म को बरकरार रखें।
इससे पहले काशी रुद्रास की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जो सही साबित नहीं हुआ। 20 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद टीम 8 विकेट के नुकसान पर 135 रन ही बना सकी। टीम के लिए करन शर्मा ने सबसे ज्यादा 50 गेंदों पर 61 रन बनाए। मेरठ की तरफ से गेंदबाजी में कार्तिक त्यागी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।


