नई दिल्ली: संजू सैमसन ने केरल क्रिकेट लीग (KCL) में अपने बेहतरीन फॉर्म को बरकरार रखते हुए रविवार (31 अगस्त) को ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में एलेप्पी रिप्पलस के खिलाफ धुआंधार पारी खेली। कोच्चि ब्लू टाइगर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने महज 41 गेंदों पर 83 रन ठोक डाले। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 202.44 रहा। टूर्नामेंट में यह उनकी लगातार चौथी पारी है, जिसमें उन्होंने 50+ का स्कोर किया। उनकी आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने यह मैच 3 विकेट से अपने नाम किया।
एशिया कप से पहले सैमसन की बल्लेबाजी शुभमन गिल और तिलक वर्मा के लिए चिंता का विषय है। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, शुभमन गिल और तिलक वर्मा में से 3 खिलाड़ी भारत की प्लेइंग 11 का हिस्सा होंगे। सैमसन के फॉर्म को देखते हुए उनका प्लेइंग 11 में खेलना तय है। इसके कारण तिलक को बेंच बैठना पड़ सकता है, क्योंकि गिल उप-कप्तान हैं। वहीं गिल को नंबर-3 पर खेलना पड़ सकता है। इसके अलावा जितेश शर्मा को भी मौका मिलने का इंतजार करना पड़ सकता है, जो मध्यक्रम में विकेटकीपर बल्लेबाज के विकल्प हैं।
186.80 के स्ट्राइक रेट से 368 रन
केरल क्रिकेट लीग के 22वें मैच में कोच्चि ब्लू टाइगर्स के लिए ओपनर बल्लेबाज के तौर पर खेलते हुए सैमसन की पारी में नौ छक्के और दो चौके शामिल थे। उनके एक नो-लुक सिक्स ने सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरीं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी की। इस मैच से पहले उन्होंने 121(51), 89(46) और 62(37) रन की पारियां खेली।
केरल क्रिकेट लीग में संजू सैमसन का दमदार प्रदर्शन
संजू सैमसन इस समय केरल क्रिकेट लीग में जबरदस्त फॉर्म में हैं और रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 5 पारियों में 186.80 के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ 368 रन ठोके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 3 अर्धशतक और 1 शतक निकला है। उनका औसत 73.60 का रहा है। सैमसन ने अपनी इन पारियों में 24 चौके और 30 छक्के जड़कर गेंदबाजों पर कहर बरपाया है।

