इस T20 लीग में नजर आ सकते हैं रविचंद्रन अश्विन, अब तक सिर्फ एक भारतीय खिलाड़ी को मिला है डेब्यू का मौका

0

नई दिल्ली: इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने के बाद आर. अश्विन अब यूएई की इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने खुद इस लीग में खेलने की इच्छा जताई है और माना जा रहा है कि वे नीलामी के लिए पंजीकरण कराने वाले हैं। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो अश्विन अगले सीजन में मैदान पर नजर आ सकते हैं। यह टूर्नामेंट अगले साल 2 दिसंबर से 4 जनवरी तक आयोजित होगा।

आईएलटी20 से अब तक तीन भारतीय खिलाड़ी जुड़ चुके हैं, लेकिन डेब्यू का मौका सिर्फ एक को मिला है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टूर्नामेंट के आयोजक आर. अश्विन के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं। जैसे ही नामांकन की औपचारिकताएं पूरी होंगी, उनका नाम नीलामी सूची में जोड़ा जा सकता है। फिलहाल पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है और नीलामी के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 10 सितंबर तय की गई है।

पहली बार आईएलटी20 में होगी नीलामी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अश्विन ने खुद इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, “हां, मैं आयोजकों से बात कर रहा हूं। उम्मीद है कि अगर मैं नीलामी में नाम दर्ज कराऊंगा तो मुझे कोई खरीदार मिल जाएगा।” अब तक लीग में खिलाड़ियों की भर्ती के लिए ड्राफ्ट सिस्टम का उपयोग किया जाता था, लेकिन इस बार आयोजकों ने नीलामी प्रणाली अपनाने का फैसला किया है। यह नीलामी 30 सितंबर को दुबई में आयोजित की जाएगी।

रॉबिन उथप्पा और यूसुफ पठान का डेब्यू अब तक अधूरा

अगर अश्विन को नीलामी में खरीदा जाता है तो वह यूएई की इस लीग में उतरने वाले भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारे बन जाएंगे। इस लीग के अब तक तीन सीजन हो चुके हैं। रॉबिन उथप्पा और यूसुफ पठान को टीमों ने तो चुन लिया था, लेकिन दोनों ने अब तक डेब्यू नहीं किया है। वहीं, अंबाती रायडू इस टूर्नामेंट में खेलने वाले इकलौते भारतीय हैं। उन्होंने एमआई एमिरेट्स की ओर से आठ मुकाबले खेले हैं।

वर्तमान विजेता दुबई कैपिटल्स

आईएलटी20 में एमआई एमिरेट्स, गल्फ जायंट्स, अबू धाबी नाइट राइडर्स, शारजाह वॉरियर्स, दुबई कैपिटल्स और डेजर्ट वाइपर्स जैसी टीमें हिस्सा लेती हैं। मौजूदा चैंपियन दुबई कैपिटल्स है। माना जा रहा है कि अश्विन ने इस लीग में खेलने का फैसला करने से पहले टीमों से कुछ भरोसा प्राप्त किया होगा। 282 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके अश्विन भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल मैच-विजेताओं में गिने जाते हैं और 2009 में आईपीएल के दूसरे सीजन से लगातार फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सक्रिय रहे हैं।

आईपीएल में पांच अलग-अलग टीमों का हिस्सा रह चुके हैं अश्विन

38 वर्षीय ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन का टी20 करियर काफी लंबा और अनुभव से भरपूर रहा है। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पांच अलग-अलग फ्रेंचाइजी – चेन्नई सुपर किंग्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स – के लिए कुल 221 मैच खेले हैं। इसके अलावा, अश्विन ने घरेलू क्रिकेट में अपने राज्य तमिलनाडु और तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) की टीमों का भी प्रतिनिधित्व किया है। इंटरनेशनल स्तर पर भी वह भारत के लिए 65 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here