नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया को घरेलू सीजन की शुरुआत से पहले ही बड़ा झटका लगा है, क्योंकि टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस चोटिल हो गए हैं। स्कैन में उनकी पीठ के निचले हिस्से में खिंचाव की पुष्टि हुई है। इसी कारण वे न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। कमिंस के एशेज में खेलने पर भी अभी सस्पेंस बरकरार है। फिलहाल अपडेट यह है कि वह 21 नवंबर से पर्थ में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाले टेस्ट से पहले कोई भी क्रिकेट नहीं खेलेंगे।
इंग्लैंड और कैरेबियाई देशों में खेले गए चार टेस्ट मैचों में 95.1 ओवर गेंदबाजी करने के बाद 32 वर्षीय पैट कमिंस को पीठ दर्द की समस्या हुई। इसके बाद मेडिकल स्कैन में उनकी पीठ के निचले हिस्से में खिंचाव की पुष्टि हुई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने कहा है कि एशेज से पहले इस चोट को सावधानीपूर्वक मैनेज करने और पूरी तरह ठीक करने की आवश्यकता होगी।
कप्तान बनने के बाद सिर्फ 2 टेस्ट से बाहर रहे हैं पैट कमिंस
नवंबर 2021 में कप्तानी संभालने के बाद से 32 वर्षीय पैट कमिंस ने टेस्ट क्रिकेट पर विशेष फोकस किया है। इस दौरान चोट की वजह से उन्होंने केवल दो टेस्ट मैचों में हिस्सा नहीं लिया। उनकी अगुआई में ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता, इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज अपने पास बरकरार रखी और पिछले साल वनडे विश्व कप पर कब्जा किया। ऑस्ट्रेलिया की हालिया सफलताओं में कमिंस ने अहम भूमिका निभाई है, खासकर पिछली दो एशेज सीरीज में, जहां उन्होंने लगभग हर टेस्ट में भाग लिया।
पैट कमिंस से ज्यादा टेस्ट खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी नाथन लियोन
2017 में चोट से वापसी के बाद से सिर्फ स्पिनर नाथन लियोन (70 टेस्ट) ने ही पैट कमिंस से ज्यादा टेस्ट मैच खेले हैं। करियर की शुरुआत में कमिंस पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर की समस्या से जूझते रहे, जिसकी वजह से 2011 में डेब्यू करने के बाद उनकी वापसी में लंबा अंतराल आया। हालांकि, 2017 में वापसी करने के बाद से उन्होंने लगातार ऑस्ट्रेलिया के लिए अहम भूमिका निभाई है। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पिछले 20 टेस्ट मैचों में से वह केवल एक मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाए।
स्टीव स्मिथ को मिल सकती है कप्तानी
अगर पर्थ में होने वाले एशेज के पहले टेस्ट तक पैट कमिंस पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं तो ऑस्ट्रेलिया उनकी जगह स्कॉट बोलैंड को मौका दे सकता है। वहीं, कप्तानी की जिम्मेदारी स्टीव स्मिथ संभालेंगे, जैसा कि उन्होंने इस साल की शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के दौरान निभाई थी।


