नई दिल्ली: पाकिस्तानी बल्लेबाज आसिफ अली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 33 वर्षीय आसिफ ने पाकिस्तान के लिए 21 वनडे और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जहां उन्होंने ज्यादातर मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए फिनिशर की भूमिका निभाई। उनके करियर का सबसे यादगार पल 2021 टी20 विश्व कप में आया था, जब उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ सात गेंदों पर 25 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को रोमांचक जीत दिलाई।
आसिफ अली अक्सर अपने दावों और विवादों को लेकर सुर्खियों में रहे। वह खुद कहते थे कि अभ्यास सत्र में रोजाना 100-150 छक्के लगाते हैं। हालांकि, उनका करियर विवादों से अछूता नहीं रहा। एशिया कप 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ एक रोमांचक मुकाबले के दौरान आउट होने के बाद उनकी भिड़ंत गेंदबाज फरीद अहमद से हो गई थी। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई और आसिफ अली ने गुस्से में फरीद पर बल्ला तक उठा लिया था।
एशिया कप में आखिर क्यों हुआ बवाल?
आउट होने के बाद अली जब डगआउट की ओर लौट रहे थे, उसी दौरान फरीद अहमद विकेट का जश्न मनाते हुए उनके रास्ते में आ गए। गेंदबाज के इतने करीब आकर जश्न मनाना आसिफ अली को बिल्कुल पसंद नहीं आया। वह रुक गए और गुस्से में फरीद को घूरने लगे। फरीद भी पीछे हटने के बजाय लगातार उन्हें घूरते रहे। इसके बाद आसिफ ने उन्हें धक्का दे दिया। मामला यहीं नहीं थमा, अफगानी गेंदबाज की प्रतिक्रिया देखकर आसिफ ने गुस्से में अपना बल्ला तक उठा लिया, जिससे मैदान पर माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया।
पीएसएल में शानदार प्रदर्शन के बाद वनडे टीम में जगह
आसिफ अली ने संन्यास की घोषणा करते हुए यह साफ किया कि वह अब भी घरेलू क्रिकेट और दुनिया भर की फ्रेंचाइजी लीग में खेलते रहेंगे। उन्होंने अप्रैल 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। उसी साल उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में इस्लामाबाद यूनाइटेड को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। फाइनल मुकाबले में उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार तीन छक्के जड़कर मैच का रुख पलट दिया था। इसके महज दो महीने बाद उन्हें वनडे टीम में भी डेब्यू करने का मौका मिला।
आसिफ अली का अंतरराष्ट्रीय करियर
आसिफ अली ने अपने करियर में 21 वनडे की 16 पारियों में 25.46 के औसत से कुल 382 रन बनाए, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल रहे। इस दौरान उनके बल्ले से 22 चौके और 21 छक्के निकले। वहीं, उन्होंने 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 51 पारियों में 577 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 41 रन रहा। टी20 में उन्होंने 27 चौके और 37 छक्के जड़े।


