कबड्डी के मैदान में दिखीं रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा, छात्राओं संग खेली रस्साकशी

0

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के लिए मशहूर हैं, लेकिन इस बार सुर्खियों में उनकी पत्नी रिवाबा सोलंकी जडेजा आईं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात के जामनगर स्थित जीडी शाह हाई स्कूल में आयोजित खेल दिवस समारोह उस वक्त खास बन गया जब जामनगर उत्तर से भाजपा विधायक रिवाबा जडेजा स्कूली छात्राओं के साथ खेल के मैदान में उतरीं और उत्साह बढ़ाया। रिवाबा जडेजा ने कबड्डी खेलने से लेकर रस्साकशी में हिस्सा लेकर अपनी ऊर्जा और जोश से माहौल को जीवंत कर दिया।

उन्होंने डिजिटल युग में पारंपरिक खेलों को संरक्षित करने का मजबूत संदेश भी दिया, जिससे सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रेरित हुए। खेलों से सराबोर रिवाबा का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि रिवाबा जडेजा ने पहले कबड्डी के मैदान पर छात्राओं के साथ खिलाड़ी जैसी एंट्री की और खेलते हुए जबरदस्त उत्साह दिखाया।

इसके बाद वह रस्साकशी में भी शामिल हुईं और छात्राओं की टीम के साथ पूरे दमखम के साथ जीत हासिल करने की कोशिश की। वीडियो सामने आने के बाद फैंस ने रिवाबा जडेजा की जमकर सराहना की। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि जहां रविंद्र जडेजा क्रिकेट के माहिर खिलाड़ी हैं, वहीं उनकी पत्नी भी खेलों के प्रति उतनी ही जुनूनी और सक्षम हैं। कुछ ने इसे ‘खेल भावना’ और ‘नेतृत्व के शानदार उदाहरण’ के रूप में भी पेश किया।

खेलों से मिलता है अनुशासन और टीम भावना: रिवाबा जडेजा

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाए गए ‘खेल दिवस’ समारोह में रिवाबा जडेजा ने बतौर खिलाड़ी हिस्सा लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कबड्डी, बैलेंस कोन और रस्साकशी जैसे खेलों में भाग लेकर छात्रों का उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं। खेल अनुशासन, टीम वर्क और खेल भावना जैसे महत्वपूर्ण गुणों को विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रिवाबा जडेजा ने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें मोबाइल फोन और वीडियो गेम पर अधिक निर्भर होने के बजाय बाहरी गतिविधियों में सक्रिय रहना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि तकनीक का अपना महत्व है, लेकिन अगली पीढ़ी को मैदानी खेलों का आनंद और महत्व समझना जरूरी है। रिवाबा ने पारंपरिक खेलों को हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि इन्हें संरक्षित करना हम सबकी जिम्मेदारी है।

सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय हैं रिवाबा जडेजा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रिवाबा सोलंकी जडेजा अक्सर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं और अपनी निजी और सार्वजनिक जिंदगी की झलकियां साझा करती रहती हैं। हालांकि, इस बार उन्होंने जिस ऊर्जा और उत्साह के साथ मैदान पर उतरकर छात्राओं का हौसला बढ़ाया, उसने हर किसी का दिल जीत लिया। इंग्लैंड में तेंदुलकर-एंडरसन सीरीज में अपने प्रदर्शन, खासकर बल्लेबाजी से प्रभावित करने वाले रविंद्र जडेजा की पत्नी का यह वीडियो फैंस के बीच तेजी से वायरल हो रहा है। खेलों के प्रति उनका यह जोश इस बात का सबूत है कि जडेजा परिवार सिर्फ क्रिकेट तक ही सीमित नहीं, बल्कि हर खेल का समर्थन और प्रोत्साहन करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here