नई दिल्ली: दलीप ट्रॉफी 2025 का दूसरा सेमीफाइनल 4 सितंबर से खेला जाएगा, जिसमें सेंट्रल जोन और वेस्ट जोन की टीमें आमने-सामने होंगी। हालांकि, इस अहम मुकाबले से ठीक पहले रजत पाटीदार की अगुवाई वाली सेंट्रल जोन टीम को करारा झटका लगा है। टीम के स्टार विकेटकीपर ध्रुव जुरेल चोट की वजह से इस मैच से बाहर हो गए हैं, जिससे टीम की रणनीति और संतुलन पर असर पड़ सकता है।
सेमीफाइनल से पहले सेंट्रल जोन को झटका, ध्रुव जुरेल हुए बाहर
सेंट्रल जोन के विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल 4 सितंबर से वेस्ट जोन के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले से बाहर हो गए हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले टीम के कप्तान बनाए गए जुरेल क्वार्टर फाइनल में भी कमर दर्द की वजह से नहीं खेले थे। अब डेंगू से जूझने के कारण उनके लंबे समय तक मैदान से दूर रहने की संभावना जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सेंट्रल जोन के मुख्य कोच उस्मान गनी ने पुष्टि की कि ध्रुव जुरेल डेंगू से पीड़ित हैं और इसी कारण दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनकी जगह टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज अक्षय वाडकर को शामिल किया गया है। इससे पहले जुरेल की गैरमौजूदगी में रजत पाटीदार ने नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में सेंट्रल जोन की कप्तानी संभाली थी।
अक्षय वाडकर को सेंट्रल जोन टीम में मिली जगह
सेंट्रल जोन और विदर्भ टीम के मुख्य कोच उस्मान गनी ने पुष्टि की कि ध्रुव जुरेल डेंगू से पीड़ित होने के कारण अगले मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। इसी वजह से अक्षय वाडकर को टीम में शामिल किया गया है क्योंकि टीम को एक और विकेटकीपर की जरूरत थी। जुरेल आखिरी बार भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में नजर आए थे, जहां उन्होंने चोटिल ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में विकेटकीपिंग की थी। वहीं, कुलदीप यादव भी दलीप ट्रॉफी से हट चुके हैं क्योंकि वह एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम के साथ दुबई जाएंगे।


