खेल विभाग प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू करेगा सेवा पखवाड़ा

0

(NST News) भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा की शुरुआत होगी। इस दौरान देशभर में युवाओं को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए कई कार्यक्रम होंगे। बुधवार को केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खेल और युवा कल्याण मंत्रियों की वर्चुअल बैठक हुई। इसमें मध्यप्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भी हिस्सा लिया। बैठक के बाद सारंग ने भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि हर आयोजन व्यापक स्तर पर होना चाहिए और इसकी पहुंच प्रदेश के हर जिले और ब्लॉक तक सुनिश्चित करनी होगी। इसके लिए कार्ययोजना और समर्पित टीम बनाने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम और उद्देश्य

मंत्री सारंग ने कहा कि इन आयोजनों का मकसद युवाओं को सेवा, स्वच्छता और देशभक्ति के मूल्यों से जोड़ना है। सितंबर से दिसंबर तक कई कार्यक्रम होंगे। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा, अक्टूबर–नवंबर में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर सांस्कृतिक गतिविधियां और तीन दिवसीय पदयात्रा, वहीं नवंबर–दिसंबर में संविधान पदयात्रा और विकसित भारत युवा कनेक्ट जैसे कार्यक्रम होंगे। 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर भी विशेष आयोजन होंगे। प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया और आईटी प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इन आयोजनों से युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here