सिकंदर रजा बने नंबर-1 वनडे ऑलराउंडर

0

दुबई: जिम्बाब्वे के स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ताज़ा रैंकिंग में वनडे ऑलराउंडर्स की लिस्ट में पहला स्थान हासिल कर लिया है। रजा ने अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई और मोहम्मद नबी को पीछे छोड़ते हुए करियर की सर्वश्रेष्ठ 302 रेटिंग प्वॉइंट्स जुटाए। श्रीलंका के खिलाफ हाल की वनडे सीरीज में उन्होंने दो हाफ सेंचुरी (92 और 59*) लगाई और एक विकेट भी लिया, जिसने उन्हें यह मुकाम दिलाया।

बल्लेबाजी और गेंदबाजी रैंकिंग में हलचल

रजा की बैटिंग रैंकिंग भी सुधरी है और वह नौ स्थान चढ़कर 22वें पायदान पर आ गए। वहीं श्रीलंका के पथुम निसांका ने सात स्थान की छलांग लगाकर बल्लेबाजी में 13वां स्थान हासिल किया। जनिथ लियानागे भी 13 स्थान ऊपर बढ़कर 29वें नंबर पर पहुंचे। गेंदबाजी में असिथा फर्नांडो और दिलशान मधुशंका को भी फायदा हुआ। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका के केशव महाराज ने इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट लेने के बाद 690 अंक के साथ वनडे गेंदबाजों में नंबर-1 पोजिशन बरकरार रखी।

टीम इंडिया टॉप पर, बुमराह और गिल की बादशाहत कायम

टीम रैंकिंग में भारत वनडे और टी-20 में नंबर-1 पर बना हुआ है, जबकि टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है। बल्लेबाजों की टॉप-10 रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ और भारत के शुभमन गिल वनडे में 784 अंकों के साथ पहले स्थान पर कायम हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 पर हैं। ऑलराउंडर्स की टेस्ट रैंकिंग में रवींद्र जडेजा और टी-20 ऑलराउंडर्स में हार्दिक पंड्या अभी भी शीर्ष पर हैं। अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी टी-20 ऑलराउंडर्स लिस्ट में हार्दिक के करीब पहुंचकर दूसरे स्थान पर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here