नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ होने वाली दो अनाधिकारिक टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का ऐलान हो गया है। इस टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जबकि युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। यह सीरीज खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने और सीनियर टीम में जगह बनाने का एक बेहतरीन मौका मानी जा रही है।
नीतिश कुमार रेड्डी को इंडिया टीम में मिला मौका
ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ घोषित 15 सदस्यीय इंडिया ए टीम में कई नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इसमें चोट से उबरने के बाद नितीश कुमार रेड्डी की वापसी सबसे अहम रही है। नितीश के चयन को टीम के लिए बड़ी मजबूती माना जा रहा है। बता दें कि इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच दो अनाधिकारिक टेस्ट मैच खेले जाएंगे। पहला मैच 16 सितंबर से लखनऊ में शुरू होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 23 सितंबर से इसी मैदान पर खेला जाएगा।
आयुष बदोनी को इंडिया टीम में मिली जगह
इंडिया ए की टीम में ओपनर बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन को भी जगह दी गई है, जो इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा तो रहे थे लेकिन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। टीम में दूसरे विकेटकीपर के तौर पर एन जगदीशन को चुना गया है, जिन्होंने दलीप ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले में नॉर्थ जोन के खिलाफ शानदार 197 रन की पारी खेली थी। ध्रुव जुरेल उप-कप्तान होने के साथ-साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। वहीं, आयुष बदोनी को भी इस अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है।
दूसरे टेस्ट में दिखेंगे केएल राहुल और मोहम्मद सिराज
केएल राहुल और मोहम्मद सिराज ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में आराम करेंगे और दूसरे टेस्ट मैच में इंडिया ए की ओर से मैदान पर उतरेंगे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का ऐलान बाद में किया जाएगा। इस वनडे सीरीज में रोहित शर्मा के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है, जिससे सीरीज का रोमांच और बढ़ जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंडिया ए की 15 सदस्यीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, एन जगदीसन (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (उप-कप्तान और विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, हर्ष दुबे, आयुष बदोनी, नीतीश कुमार रेड्डी, तनुष कोटियान, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, खलील अहमद, मानव सुथार, यश ठाकुर।


