बर्मिंघम: ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ में ग्रेगर क्लेगने उर्फ ‘द माउंटेन’ का किरदार निभा चुके आइसलैंड के एथलीट और अभिनेता हाफथॉर ब्योर्नसन ने एक बार फिर अपनी अद्भुत ताकत का प्रदर्शन किया। बर्मिंघम में आयोजित स्ट्रॉन्गमैन 2025 प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने 510 किलोग्राम (1124 पाउंड) का डेडलिफ्ट उठाकर नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया। खास बात यह रही कि ब्योर्नसन ने यह उपलब्धि अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर हासिल की, जो उन्होंने 2020 में 505 किलोग्राम (1113 पाउंड) उठाकर बनाया था।
पहले भी सुर्खियां बटोर चुके हैं ब्योर्नसन
हाफथॉर ब्योर्नसन की यह उपलब्धि कोई पहली बार नहीं है। वह 2018 में वर्ल्ड्स स्ट्रॉन्गेस्ट मैन का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। असाधारण शक्ति और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन की बदौलत वह वेटलिफ्टिंग और स्ट्रॉन्गमैन प्रतियोगिताओं की दुनिया में लंबे समय से एक चर्चित और प्रतिष्ठित नाम रहे हैं।
510 किलो का डेडलिफ्ट उठाना ब्योर्नसन के लिए लगा बेहद आसान
सबसे खास बात यह रही कि 510 किलो का वजन उठाते वक्त ब्योर्नसन बेहद सहज नजर आए। दर्शकों और फैंस को ऐसा लगा मानो वे और भी ज्यादा वजन उठा सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए वीडियो में ब्योर्नसन ने स्पष्ट किया, “लोग पूछ रहे हैं कि अगर 510 हल्का लगा तो क्या आप और भारी वजन उठाएंगे? इसका ईमानदार जवाब है—नहीं।” उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह सोचा-समझा फैसला था, क्योंकि इस इवेंट में आगे पांच और प्रतियोगिताएं बाकी थीं। उनका उद्देश्य सिर्फ रिकॉर्ड तोड़ना ही नहीं, बल्कि पूरे शो में जीत दर्ज करना था।
ब्योर्नसन की वार्म-अप स्ट्रैटेजी
मुख्य लिफ्ट से पहले उन्होंने वार्म-अप में कई वजन उठाए:
70 किलो × 5 रेप्स
120 किलो × 3 रेप्स
170 किलो × 2 रेप्स
220, 270, 320 और 370 किलो: सभी एक-एक बार
‘द माउंटेन’ का ताकत बढ़ाने वाला नाश्ता
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इवेंट से पहले ब्योर्नसन ने अपना नाश्ता भी साझा किया, जिसमें आलू (शकरकंद और सामान्य), अंडे, चावल, ग्रीक योगर्ट, ब्लूबेरी के साथ ओटमील और ऑरेंज जूस शामिल था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “मैं प्रतियोगिता के दिन कभी अपनी डाइट नहीं बदलता। वही खाना, वही रूटीन। जब पेट खुश रहता है तो फोकस भी सही रहता है।” इस तरह हाफथॉर ब्योर्नसन ने एक बार फिर दिखा दिया कि वह सिर्फ ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ के द माउंटेन ही नहीं, बल्कि असल जिंदगी में भी सच्चे ‘स्ट्रॉन्गमैन’ हैं।


