US Open: स्पेन के अल्कारेज बने पुरुष एकल चैम्पियन, सिनर को हराकर बने ATP रैंकिंग में विश्व नंबर-1

0

नई दिल्ली: यूएस ओपन 2025 के फाइनल में दुनिया के नंबर-एक खिलाड़ी यानिक सिनर और ATP रैंकिंग में नंबर-दो कार्लोस अल्कारेज के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। न्यूयॉर्क में खेले गए इस मैच में अल्कारेज ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले सेट में सिनर को 6-2 से हराया। दूसरे सेट में सिनर ने शानदार वापसी करते हुए 6-3 से जीत दर्ज की। तीसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबी रैलियों के साथ कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन अल्कारेज ने केवल एक गेम गंवाकर 6-1 से सेट अपने नाम किया। चौथे सेट में सिनर ने जोरदार प्रयास किया, लेकिन अंततः अल्कारेज ने 6-4 से जीत दर्ज कर फाइनल मुकाबला अपने नाम किया।

यूएस ओपन जीत के बाद अल्कारेज हुए भावुक

सिनर को मात देने के साथ ही अल्कारेज ने करियर का छठा ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम किया। इस मुकाबले में जीत हासिल करने के बाद वह काफी भावुक नजर आए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही अल्कारेज पुरुष एकल वर्ग में विश्व के नंबर-एक टेनिस खिलाड़ी बन गए हैं।

ग्रैंडस्लैम फाइनल में दिग्गजों की जबरदस्त भिड़ंत

बता दें कि यह साल का लगातार तीसरा अवसर था जब दुनिया के शीर्ष रैंकिंग वाले ये दोनों खिलाड़ी किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में आमने-सामने आए। यूएस ओपन 2025 के पुरुष एकल फाइनल जीतने के साथ ही अल्कारेज ने सिनर को पीछे छोड़ते हुए ATP रैंकिंग में दुनिया के नंबर-एक खिलाड़ी का स्थान हासिल कर लिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी फाइनल मैच का आनंद लिया

खास बात यह रही कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी फाइनल मुकाबले के साक्षी बने। उन्होंने मैच का आनंद एक लग्जरी बॉक्स से लिया और दर्शकों को हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इस दौरान उन्हें मिश्रित प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा—जहां कुछ लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया, वहीं अन्य ने हूटिंग भी की।

सेमीफाइनल में अल्कारेज ने जोकोविच और सिनर ने ऑगर-अलियासिमे को मात दी

अल्कारेज ने शुक्रवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में 24 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच को 6-4, 7-6 (4), 6-2 से मात दी। जीत के बाद उन्होंने सभी से एक पल रुकने का आग्रह किया और जेब से अपना मोबाइल फोन निकालकर सिनर और फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे के बीच दूसरे सेमीफाइनल का स्कोर देखा, जो उस समय केवल पहले सेट में था। इसके कुछ घंटे बाद सिनर ने ऑगर-अलियासिमे को 6-1, 3-6, 6-3, 6-4 से हराकर अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंदी के खिलाफ फाइनल के लिए रोमांचक मुकाबले की नींव रखी। रविवार को होने वाले फाइनल का परिणाम जो भी हो, यह तय है कि ये दोनों खिलाड़ी पिछली आठ ग्रैंडस्लैम ट्रॉफियों को साझा करेंगे और पिछले 13 में से 10 पर कब्जा करेंगे। अब तक अल्कारेज ने पांच और सिनर ने चार ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम किए हैं।

फाइनल मुकाबले ने तय की विश्व नंबर-1 की कुर्सी

इस मैच के नतीजे ने पुरुष एकल वर्ग के वर्ल्ड नंबर-एक खिलाड़ी का फैसला भी तय किया। सिनर को पीछे छोड़कर विश्व नंबर-एक बनने वाले अल्कारेज ने इसी साल जून में फ्रेंच ओपन में सिनर को हराया था, जबकि सिनर ने जुलाई में विंबलडन में इसका बदला लिया। इससे स्पष्ट होता है कि स्पेन और इटली के दोनों युवा टेनिस खिलाड़ी एक-दूसरे के कड़े प्रतिद्वंद्वी हैं। सिनर लगातार पांच ग्रैंड स्लैम फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे, जिसकी शुरुआत 12 महीने पहले यूएस ओपन से हुई थी। इससे पहले रोजर फेडरर ने 2004 से 2008 तक लगातार पांच साल तक यूएस ओपन हार्ड-कोर्ट टूर्नामेंट जीतने का रिकॉर्ड बनाया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here