– मप्र के लाड़ले विवेक सागर प्रसाद को टूर्नामेंट में पाकिस्तान टीम की खली कमी – मप्र राज्य पुरुष हाकी अकादमी में सीखी है प्रोफेशनल हाकी
(NST News) भोपाल. भारतीय पुरुष हॉकी टीम के डिफेंडर और मध्यप्रदेश के लाल विवेक सागर प्रसाद आज 9 सितंबर को भोपाल आ रहे हैं। एशिया कप 2025 में शानदार जीत के बाद उनके स्वागत की जोरदार तैयारियां की गई हैं। खेल मंत्री विश्वास सारंग एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी कर सकते हैं, वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात का भी कार्यक्रम है। इटारसी के पास एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में बड़ा नाम बनाने वाले विवेक को उनके प्रशंसक मप्र का लाड़ला कहते हैं।
एशिया कप में चमके विवेक
भारत ने बिहार के राजगीर में खेले गए फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर चौथी बार एशिया कप का खिताब जीता। इस ऐतिहासिक जीत में डिफेंडर विवेक सागर की मौजूदगी अहम रही। उन्होंने कहा कि टीम ने लंबे समय से चली आ रही चुनौतियों और कमजोर प्रदर्शन के दौर को पीछे छोड़ते हुए साबित कर दिया है कि भारतीय हॉकी फिर से लय में लौट आई है। यह खिताब उनके लिए खास है क्योंकि यह उनका पहला एशिया कप खिताब है।
पाकिस्तान टीम की कमी महसूस हुई
विवेक सागर ने कहा कि टूर्नामेंट में पाकिस्तान टीम होती तो मुकाबले का रोमांच और बढ़ जाता। उन्होंने कहा कि हमें फर्क नहीं पड़ता कि पाकिस्तान टीम है या नहीं, लेकिन दर्शकों को ज्यादा मजा आता। प्रतियोगिता की ब्यूटी कुछ अलग होती और रोमांच चरम पर पहुंचता। उनके मुताबिक खिलाड़ियों का असली मकसद खेल भावना और जीत है, लेकिन भारत-पाक मुकाबला दर्शकों के लिए हमेशा विशेष होता है।
वर्ल्ड कप की तैयारी पर फोकस
एशिया कप जीतने के बाद भारतीय टीम का अगला बड़ा लक्ष्य एफआईएच वर्ल्ड कप 2026 है, जो बेल्जियम और नीदरलैंड में खेला जाएगा। विवेक ने कहा कि खिताब जीतने से हमें अब तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल गया है। टीम अपनी कमियों पर काम करेगी और मजबूत पहलुओं को और बेहतर बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि टीम अब पूरे जोश के साथ आगामी प्रो-लीग और अन्य अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में उतरने को तैयार है।
ओलंपिक से एशिया कप तक की यात्रा
2018 में भारतीय टीम में शामिल हुए विवेक सागर टोक्यो ओलंपिक 2021 और पेरिस ओलंपिक 2024 में भी टीम का हिस्सा रहे, जहां भारत ने दोनों बार ब्रॉन्ज मेडल जीता। टोक्यो ओलंपिक के बाद उन्हें मध्यप्रदेश सरकार ने डीएसपी बनाया। आज वे देश ही नहीं बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। भोपाल में उनका स्वागत सिर्फ एक खिलाड़ी का नहीं बल्कि उस लाड़ले बेटे का होगा, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है।
नोट: ये सभी फोटो विवेक सागर प्रसाद के फेसबुक वाल से ली गई हैं।


