अल्काराज फिर बने वर्ल्ड नंबर-1, सबालेंका विमेंस टेनिस में टॉप पर

0

US ओपन जीतकर अल्काराज ने सिनर को पछाड़ा, सबालेंका ने लगातार दूसरी बार खिताब जीता

न्यूयॉर्क। स्पेन के युवा टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज एक बार फिर वर्ल्ड नंबर-1 बन गए हैं। एटीपी की नई रैंकिंग में उन्हें 11,540 अंक मिले हैं, जबकि इटली के जैनिक सिनर 10,780 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए। अल्काराज ने न्यूयॉर्क में खेले गए यूएस ओपन के फाइनल में शानदार जीत हासिल की और करियर में दूसरी बार यह खिताब अपने नाम किया। इससे पहले वे 2022 में भी यूएस ओपन जीत चुके थे।

यूएस ओपन फाइनल में सिनर को हराया

यूएस ओपन फाइनल में अल्काराज ने जैनिक सिनर को चार सेटों में 6-2, 3-6, 6-1, 6-4 से हराया। इस जीत से न केवल उन्होंने साल का दूसरा ग्रैंड स्लैम जीता बल्कि वर्ल्ड नंबर-1 की कुर्सी भी वापस हासिल कर ली। अल्काराज इससे पहले भी चार बार वर्ल्ड नंबर-1 रह चुके हैं, लेकिन आखिरी बार अगस्त 2023 में टॉप पर थे।

जोकोविच की रैंकिंग में छलांग

पुरुषों की रैंकिंग में सबसे बड़ा फायदा नोवाक जोकोविच को हुआ। सेमीफाइनल तक पहुंचने और अल्काराज से हारने के बावजूद उन्हें 700 अंक मिले और वे तीन स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर आ गए। वहीं जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव तीसरे स्थान पर हैं। ब्रिटेन के जैक ड्रेपर चोट के कारण दूसरे दौर से बाहर हो गए और सातवें स्थान पर खिसक गए।

सबालेंका ने फिर रचा इतिहास

महिला वर्ग में बेलारूस की आर्यना सबालेंका ने लगातार दूसरा यूएस ओपन खिताब जीतकर अपनी नंबर-1 पोजिशन और मजबूत कर ली है। उन्होंने फाइनल में अमेरिका की अमांडा अनीसिमोवा को 6-3, 7-6(3) से हराया। सबालेंका के अब 11,225 अंक हैं, जिससे वे डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष पर बनी हुई हैं।

महिला रैंकिंग में बड़े बदलाव

फाइनल खेलने वाली अमांडा अनीसिमोवा पांच पायदान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गईं। वहीं, जेसिका पेगुला तीन स्थान गिरकर सातवें पर आ गईं और चीन की किनवेन झेंग दो स्थान नीचे खिसककर नौवें नंबर पर पहुंच गईं। पोलैंड की ईगा स्वियातेक दूसरे और अमेरिका की कोको गॉफ तीसरे स्थान पर कायम हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here