अभिषेक का धमाका: पारी की पहली गेंद पर जड़ा छक्का, रोहित-यशस्वी-संजू की लिस्ट में नाम दर्ज

0

नई दिल्ली: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 की धमाकेदार शुरुआत की। पहले ही लीग मैच में भारत ने यूएई को 9 विकेट से मात दी। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने एकतरफा खेल दिखाते हुए जीत हासिल की और यह साबित कर दिया कि फिलहाल टी20 प्रारूप में वो नंबर-1 टीम क्यों मानी जाती है। भारत को इस मैच में जीत के लिए बेहद आसान लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने सिर्फ 27 गेंदों में ही हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पारी की पहली गेंद अभिषेक शर्मा ने खेली और शुरुआत ही धमाकेदार छक्के से की। पहली ही गेंद पर छक्का जड़ते हुए अभिषेक ने अपना नाम रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों की खास लिस्ट में दर्ज करा लिया।

रोहित-यशस्वी-संजू के बाद अब अभिषेक, खास लिस्ट में दर्ज हुआ नाम

अभिषेक शर्मा ने यूएई के खिलाफ शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए मात्र 16 गेंदों में 30 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 3 छक्के और 2 चौके जड़े और 187.50 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए टीम को तेज़ शुरुआत दिलाई। खास बात यह रही कि अभिषेक ने अपनी पारी की शुरुआत ही छक्के से की और भारतीय पारी की पहली गेंद पर हैदर अली की गेंद को सीधे बाउंड्री पार भेजकर कमाल कर दिया। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अभिषेक शर्मा भारत की ओर से पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले चौथे बल्लेबाज़ बन गए हैं। उनसे पहले रोहित शर्मा (2021), यशस्वी जायसवाल (2024) और संजू सैमसन (2025) यह कारनामा कर चुके हैं। अब अभिषेक भी इन दिग्गज बल्लेबाज़ों की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं।

T20I की पहली ही गेंद पर छक्का: इन भारतीय खिलाड़ियों ने किया कमाल
  • रोहित शर्मा, आदिल राशिद, अहमदाबाद- 2021
  • यशस्वी जायसवाल, सिकंदर रजा, हरारे- 2024
  • संजू सैमसन, जोफ्रा आर्चर, मुंबई विश्व कप- 2025
  • अभिषेक शर्मा, हैदर अली, दुबई- 2025

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here