नई दिल्ली: एशिया कप 2025 का तीसरा मुकाबला गुरुवार, 11 सितंबर को अबूधाबी के शेख जायद स्टेडियम में बांग्लादेश (BAN) और हॉन्गकॉन्ग (HK) के बीच खेला जाएगा। यह दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच होगा। गौरतलब है कि दोनों के बीच पिछला मुकाबला 2014 टी20 विश्व कप में हुआ था, जहां हॉन्गकॉन्ग ने 109 रनों का लक्ष्य 19.4 ओवर में हासिल कर बांग्लादेश को दो विकेट से हराया था।
बांग्लादेश ने पहली बार 1984 में एशिया कप में हिस्सा लिया था और अब तक 15 संस्करणों में खेल चुका है। इस दौरान टीम तीन बार (2012, 2016 और 2018) उपविजेता रही है। एशिया कप 2025 में उतरने से पहले बांग्लादेश लगातार तीन टी20 सीरीज़ जीत चुका है। टीम इस बार अपने मज़बूत तेज़ गेंदबाजी आक्रमण और ऐसे बल्लेबाजी समूह पर भरोसा करेगी, जिसने हाल के दिनों में छक्के जड़ने की क्षमता दिखाकर आत्मविश्वास बढ़ाया है।
बांग्लादेश ने इस साल अब तक 7 टी20 इंटरनेशनल मैच जीते हैं और 7 में हार का सामना किया है। टीम की शुरुआत निराशाजनक रही थी, जब उसे संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान के खिलाफ हार झेलनी पड़ी। हालांकि इसके बाद बांग्लादेश ने शानदार वापसी करते हुए श्रीलंका, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स पर जीत दर्ज की। मौजूदा समय में टीम आईसीसी टी20 रैंकिंग में 10वें स्थान पर मौजूद है।
एशिया कप 2025 में अपने पहले मैच में हॉन्गकॉन्ग का सामना अफगानिस्तान से हुआ। टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी चुनी और सेदिकुल्लाह अटल (52 गेंदों पर 73 रन) तथा अजमतुल्लाह उमरजई (21 गेंदों पर 53 रन) की तूफ़ानी पारियों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 188 रन बनाए। हॉन्गकॉन्ग की ओर से आयुष शुक्ला और किंचित शाह ने दो-दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए हॉन्गकॉन्ग की टीम पूरी तरह बिखर गई और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 94 रन ही बना सकी। टीम को 94 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। बल्लेबाज़ी में सिर्फ दो खिलाड़ी ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके, जिनमें बाबर हयात ने 43 गेंदों पर 39 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से फज़लहक फारुकी और गुलबदीन नायब ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि अजमतुल्लाह उमरजई ने एक विकेट लिया। उमरजई को उनकी शानदार बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
बांग्लादेश और हॉन्गकॉन्ग की संभावित प्लेइंग इलेवन
बांग्लादेश की संभावित प्लेइंग XI: लिटन दास (कप्तान/विकेटकीपर), तंजीद हसन, मोहम्मद परवेज हुसैन, तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, जाकिर अली, महेदी हसन, रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, तंजीम हसन साकिब, मुस्तफिजुर रहमान।
हॉन्गकॉन्ग की संभावित XI: जीशान अली (विकेटकीपर), बाबर हयात, अंशुमान रथ, कल्हन चल्लू, निजाकत खान, एजाज खान, केडी शाह, यासिम मुर्तजा (कप्तान), आयुष शुक्ला, अतीक इकबाल, एहसान खान।


