नई दिल्ली: एशिया कप 2025 का आगाज हो चुका है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में अफगानिस्तान ने जीत दर्ज की, वहीं टीम इंडिया ने भी अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की। हालांकि, पाकिस्तानी टीम अब तक मैदान में नहीं उतरी है। ऐसे में फैंस के मन में सवाल है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम एशिया कप में अपना पहला मैच कब खेलेगी और किस टीम के खिलाफ उतरेगी।
12 सितंबर को पाकिस्तान टीम उतरेगी एशिया कप में पहली बार
इस साल के एशिया कप में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। एक ग्रुप में भारत और पाकिस्तान के साथ यूएई और ओमान को शामिल किया गया है, जबकि दूसरे ग्रुप में श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और हांगकांग की टीमें हैं। यानी भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। भारतीय टीम ने अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेला और इस एकतरफा मुकाबले को 9 विकेट से अपने नाम किया। अब बारी पाकिस्तान की है, जो 12 सितंबर को अपना पहला मैच खेलने के लिए मैदान पर उतरेगी।
दुबई में पाकिस्तान का ओमान से मुकाबला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान का पहला मुकाबला ओमान से होगा, जो 12 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस साढ़े 7 बजे होगा। खास बात यह है कि भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होने से पहले एक-एक मैच खेल चुकी होंगी। इतना ही नहीं, दोनों अपना पहला मैच उसी मैदान पर खेलेंगी, जहां 14 सितंबर को दोनों के बीच महामुकाबला होना है। इससे दोनों टीमों को पिच और परिस्थितियों को समझने में भी मदद मिलेगी।
टीम इंडिया के मुकाबले काफी कमजोर नजर आ रही है पाकिस्तान क्रिकेट टीम
हालांकि एशिया कप के मुकाबले जारी हैं, लेकिन सबकी नजर भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाली टक्कर पर टिकी है। मगर सच यह है कि अब इन दोनों टीमों के मैच में पहले जैसा रोमांच नहीं रह गया है। टीम इंडिया लगातार शानदार खेल दिखा रही है, जबकि पाकिस्तान का हाल बेहद खराब नजर आता है। ऐसे में अगर आप 14 सितंबर के मुकाबले को लेकर जबरदस्त रोमांच की उम्मीद लगाए बैठे हैं, तो शायद ऐसा न हो, क्योंकि मौजूदा हालात में पाकिस्तान टीम भारत के सामने टिकती हुई नजर नहीं आती।


