नई दिल्ली: भारत ने दुबई में एशिया कप 2025 के पहले मुकाबले में यूएई को 9 विकेट से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। इस जीत के बावजूद भारत की प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को शामिल नहीं किया गया, जो टी20 इंटरनेशनल में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं। यूएई के खिलाफ भारत की प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाजों के रूप में जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या को शामिल किया गया, जबकि शिवम दुबे ने तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका निभाई। हालांकि यह संयोजन यूएई के अनुभवहीन बैटिंग लाइनअप के खिलाफ कारगर साबित हुआ, लेकिन इरफान पठान का मानना है कि यह रणनीति आगे चलकर मजबूत टीमों के खिलाफ उतनी प्रभावी नहीं होगी।
अर्शदीप को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना हैरानी भरा फैसला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इरफान पठान ने बताया कि दबाव की परिस्थितियों में भारत अर्शदीप सिंह की कमी को कैसे महसूस करेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या डेथ ओवर्स में हार्दिक पंड्या कारगर साबित हो सकते हैं। इरफान ने कहा कि अर्शदीप टी20आई में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और उनका टीम से बाहर होना हैरान करने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अर्शदीप नहीं खेले थे, लेकिन जब भारत एशिया कप में नॉक-आउट मैचों में खेलेगा, तब बुमराह एक छोर से बॉलिंग करेंगे और दूसरे छोर से अगर स्पिनर काम कर जाएँ तो ठीक है, लेकिन जब ऐसा नहीं होगा तब क्या होगा।
इरफान पठान का दावा: अर्शदीप एक ओवर में 6 यॉर्कर डाल सकते हैं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इरफान पठान ने आगे कहा कि जब आप तीन स्पिनर्स के साथ खेलते हैं, तो कोशिश रहती है कि उनका प्रभाव 15 से 16 ओवर तक बना रहे। लेकिन ऐसी स्थिति में जब ओस के कारण गेंद पकड़ना मुश्किल हो जाएगा, तब क्या होगा? मुश्किल समय में आप शिवम दुबे की जगह हार्दिक पंड्या की तरफ जाएंगे, लेकिन क्या उनकी ताकत यॉर्कर डालने में है? हार्दिक की ताकत बाउंसर और हार्ड लेंथ गेंदबाजी में है, जो अंत में ज्यादा कारगर नहीं होगी। वहीं, अर्शदीप सिंह एक ओवर में छह यॉर्कर डाल सकते हैं। उनकी कमी टीम को खलेगी क्योंकि केवल दो तेज गेंदबाज ही खेलेंगे। अर्शदीप ने टी20 वर्ल्ड कप, आईपीएल और अन्य टी20 मैचों में यह दिखाया है कि वह एक ओवर में 6 यॉर्कर बखूबी डाल सकते हैं।


