भोपाल के क्रिकेटर समय श्रीवास्तव पर रहेंगे टीम का हिस्सा
दुबई। एशिया कप 2025 के चौथे मैच में पाकिस्तान का सामना ओमान से होगा। यह मुकाबला रात 8 बजे दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। खास बात यह है कि पाकिस्तान और ओमान टी-20 या वनडे किसी भी फॉर्मेट में पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे। पाकिस्तान एशियाई क्रिकेट की बड़ी ताकत है, जबकि ओमान पहली बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहा है। पाकिस्तान जहां जीत के लिए अपने अनुभव और मजबूत गेंदबाजी पर भरोसा करेगा, वहीं ओमान उलटफेर करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।
पाकिस्तान के पास बैटिंग और बॉलिंग का संतुलन
पाकिस्तान की टीम ने इस बार कुछ बड़े बदलाव किए हैं। कप्तान की जिम्मेदारी सलमान अली आगा को दी गई है। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान का टॉप ऑर्डर लगातार रन बना रहा है। पिछले एक साल में टीम के टॉप-3 बल्लेबाजों ने 1672 रन बनाए हैं, जिनमें दो शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं। सईम अयूब 479 रन और साहिबजादा फरहान 284 रन बना चुके हैं। वहीं, मोहम्मद हारिस ने एक शतक के साथ 253 रन जुटाए हैं। गेंदबाजी की बात करें तो शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ की जोड़ी विरोधियों पर भारी पड़ सकती है।
ओमान का चुनौतीपूर्ण आगाज
ओमान की टीम पहली बार एशिया कप खेल रही है और उसके सामने पाकिस्तान जैसी दिग्गज टीम है। छोटे मुकाबलों में उसका प्रदर्शन बेहतर रहा है, लेकिन बड़ी टीमों के खिलाफ उसे अभी ज्यादा अनुभव नहीं है। पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से जतिंदर सिंह टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 301 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में शकील अहमद 15 विकेट लेकर सबसे आगे हैं। ओमान इस मैच में पाकिस्तान को टक्कर देकर सबको चौंकाना चाहेगा।
संभावित प्लेइंग-11
पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), फखर जमान, सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, हसन नवाज, फहीम अशरफ, अबरार अहमद, मोहम्मद नवाज, शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ, हसन अली।
ओमान: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, मोहम्मद नदीम, आशीष ओडेदरा, विनायक शुक्ला, आर्यन बिष्ट, सुफयान महमूद, समय श्रीवास्तव, शकील अहमद, हसनैन शाह।
मौसम और पिच की रिपोर्ट
दुबई में दिनभर गर्मी का असर रहेगा। सुबह का तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, दोपहर तक यह 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। शाम के समय हल्की ठंडी हवाएं चलेंगी और मैच के दौरान पारा 33 डिग्री तक रह सकता है। पिच रिपोर्ट की बात करें तो दुबई की सतह पर तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिल सकती है। पेसर्स को स्विंग मिलेगी, लेकिन बाद में पिच धीमी हो सकती है। अब तक इस मैदान पर 111 टी-20 खेले गए हैं, जिनमें 59 बार बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम जीती है। इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
मैच से उम्मीदें
एशिया कप का यह मैच पाकिस्तान के लिए आत्मविश्वास मजबूत करने का मौका है, जबकि ओमान के लिए यह बड़ा इम्तिहान होगा। पाकिस्तान जीत के प्रबल दावेदार के रूप में मैदान पर उतरेगा, लेकिन टी-20 क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है। अगर ओमान अपने खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करा सका, तो टूर्नामेंट का यह मैच रोमांचक हो सकता है। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस मुकाबले पर टिकी हैं, जहां इतिहास में पहली बार दोनों टीमें एक-दूसरे से भिड़ेंगी।


