(NST News) भोपाल.कैप्टन रूप सिंह की 118वीं जयंती के अवसर पर एलएनसीटी कॉलेज ने चौथे स्पोर्ट्स अचीवर्स अवार्ड्स का आयोजन रायसेन रोड स्थित आर्यभट्ट ऑडिटोरियम में किया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओलंपियन और अर्जुन अवार्डी अशोक ध्यानचंद रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में वर्ल्ड 6-रेड स्नूकर चैंपियन कमल चावला शामिल हुए। इस अवसर पर डॉ. अनुपम चौकसे (चांसलर जेएनसीटी प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी), डॉ. राजेश त्रिपाठी (चेयरमैन एआईसीपी) और डॉ. एन.के. थापक (वाइस चांसलर एलएनसीटी यूनिवर्सिटी) भी मौजूद रहे।
प्रशिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम में खेल जगत को निखारने वाले प्रशिक्षकों को विशेष सम्मान दिया गया। इनमें अमित गौतम (एथलेटिक्स), इंस्पेक्टर कुणाल (सीआईएसएफ हैंडबॉल टीम, भिलाई), डॉ. अंजू लता (हॉकी, चंडीगढ़), भानु यादव (खेल समन्वयक, रायसेन), अपराजिता (शूटिंग कोच, मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी), अंकित कुशवाहा (उदयपुरा), दीपेश शर्मा (शर्मा फिटनेस सेंटर, बुधनी) और विकास शर्मा (कबड्डी, नरसिंहपुर) का नाम शामिल है। इसके अलावा टीआईटी, सेज यूनिवर्सिटी, सेंट थॉमस, माउंट फोर्ट, रेयान इंटरनेशनल और सेंट जेवियर्स के खेल प्रशिक्षकों और समन्वयकों को भी सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शाल और स्मृति चिन्ह के साथ सम्मानित किया गया। इनमें अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अफ्फान युसूफ, आतिफ खान (हॉकी), खुशिता जैन और रूसा तुंबद (कराते), अर्जुन वास्कले (एकलव्य अवार्डी, एथलेटिक्स), प्रिंस सोलंकी (ऑल इंडिया मैडलिस्ट, कराते), हर्षित जैन (ई-स्पोर्ट्स टेनिस, सिक्स ए साइड क्रिकेट, ड्रॉप रोबॉल, आइस स्टॉक) और कृष्णकांत पटेल, नरेंद्र सिंह राठौर, सचिन सिंह तोमर (कुडो), रेनू (आइस स्टॉक), माही लामा (बॉक्सिंग), चंद्र प्रकाश यादव (पैरा बैडमिंटन) जैसे नाम प्रमुख रहे।
नकद पुरस्कार वितरण
विश्वविद्यालय प्रशासन ने खिलाड़ियों को नकद राशि देकर भी प्रोत्साहित किया। स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम को 25,000 रुपये, रजत पदक टीम को 15,000 रुपये और कांस्य पदक टीम को 10,000 रुपये प्रदान किए गए। वहीं, व्यक्तिगत खिलाड़ियों को ऑल इंडिया बेस्ट जोन उपलब्धियों पर क्रमशः स्वर्ण विजेता को 10,000 रुपये, रजत विजेता को 5,000 रुपये और कांस्य विजेता को 2,000 रुपये दिए गए। इस अवसर पर लगभग 5 लाख रुपये की राशि खिलाड़ियों और विजेता टीमों को वितरित की गई।
200 से अधिक खिलाड़ियों को सम्मान
कार्यक्रम में एलएनसीटी ग्रुप के 200 से अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इनमें बेसबॉल, शूटिंग, क्रिकेट, शतरंज, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, रग्बी, कबड्डी, खो-खो, आइस स्टॉक, पिलोटा वास्का, बैडमिंटन, आर्म रैसलिंग, कुडो, फुटबॉल, जुडो और कराते जैसे खेल शामिल रहे। इसके साथ ही विभिन्न जिलों के खेल शिक्षकों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय कॉमेंटेटर विकास कुमार ने किया और आभार पंकज कुमार जैन ने व्यक्त किया।


