राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छह जिलों ने भाग लिया
एनएसटी न्यूज, भोपाल। ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में पहली यूथ ब्लाइंड गोलबाल स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश में पहली बार आयोजित की गई थी। इसमें भोपाल, ग्वालियर, इंदौर समेत कुल छह जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग में इंदौर की टीम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि दूसरा स्थान ग्वालियर की टीम के नाम रहा। बालिका वर्ग में ग्वालियर के आत्मज्योति स्कूल की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया और दूसरा स्थान ग्वालियर यूथ टीम के खाते में गया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार इंदौर के राम कन्नौज को दिया गया। बालिका वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार ग्वालियर की खुशबू को प्रदान किया गया। इन पुरस्कारों का वितरण ब्लाइंड स्पोर्ट्स असोसिएशन के सचिव मोहम्मद शाहिद ने किया। प्रतियोगिता के दौरान इंडियन ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के गोलबाल आब्जर्वर ऋषिकांत शर्मा और रामकरण सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ब्लाइंड स्पोर्ट्स के डायरेक्टर कपील यादव, कोऑर्डिनेटर फरदीन खान, कोच संजू बिश्नोई, मुस्कान चावरा, यशपाल सिंह समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अगले राष्ट्रीय स्तर की तैयारी
प्रतियोगिता के सफल समापन के बाद अब मध्यप्रदेश की टीम राष्ट्रीय स्तर की तैयारी में जुट गई है। 27 से 29 सितंबर 2025 तक सी.डी.एस. ग्वालियर में पहली यूथ ब्लाइंड गोलबॉल नैशनल चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। इसके लिए मध्यप्रदेश गोलबाल टीम का कैंप 21 से 26 सितंबर तक ग्वालियर में रहेगा। बालक और बालिका दोनों वर्ग की टीमों ने अभ्यास और प्रशिक्षण में अच्छा प्रदर्शन किया। कोच संजू बिश्नोई, फरदीन खान, यशपाल सिंह और मुस्कान चावरा की देखरेख में टीम ने मैदान में अपनी कड़ी मेहनत का असर दिखाया।


