एनएसटी न्यूज, भोपाल। राजधानी के सुभाष एक्सीलेंस स्कूल ग्राउंड में मंगलवार को सांसद खेल महोत्सव 2025 की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों और दर्शकों में जोश भर दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सेना हो या खिलाड़ी, पाकिस्तान को हमेशा धोते हैं। खेल हमारी ताकत है, इसे और मजबूत करना होगा। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को संदेश देते हुए कहा कि खूब दूध पियो, खूब घी खाओ और खूब खेलो। यही सेहत और सफलता का सबसे अच्छा मंत्र है।

खिलाड़ियों और शिक्षकों को नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि अब प्रदेश में स्पोर्ट्स टीचरों को भी प्रमोशन का अवसर मिलेगा। वे असिस्टेंट प्रोफेसर से कुलगुरु तक पहुंच सकते हैं। इसी तरह खिलाड़ियों के लिए भी सरकार नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों की पूरी चिंता कर रही है और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है। इस मौके पर मलखंभ और जूडो-कराते जैसे पारंपरिक खेलों का शानदार प्रदर्शन हुआ, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया।
![]()

बड़ी संख्या में हुआ पंजीकरण
सांसद खेल महोत्सव में उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि भोपाल संसदीय क्षेत्र के लिए अब तक 71 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। महोत्सव में 24 खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स और पारंपरिक खेल शामिल हैं। प्रतियोगिताएं तीन स्तर ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर पर होंगी। विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार दिए जाएंगे। महोत्सव का समापन 25 दिसंबर को होगा।
खेलों से समाज को नई दिशा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि खेल समाज को जोड़ने का काम करते हैं। जिस राज्य में खेल नहीं होते, वहां नशा और गलत आदतें पनपती हैं। खेल न सिर्फ सेहतमंद बनाते हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा भी देते हैं। सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर यह आयोजन किया जा रहा है, ताकि किशोर और युवा मोबाइल की दुनिया से बाहर आकर खेलों में भागीदारी करें। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे महोत्सव हमारे युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाएंगे।


