एशिया कप जीत पर BCCI देगा टीम इंडिया को 21 करोड़ रुपये का इनाम

0

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को बीसीसीआई की ओर से 21 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने की घोषणा की गई है। बोर्ड ने यह इनाम न सिर्फ खिलाड़ियों बल्कि पूरे सपोर्ट स्टाफ को भी देने का ऐलान किया है, जिन्होंने टूर्नामेंट के दौरान शानदार प्रदर्शन और समर्पण के साथ टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई ने कहा कि टीम इंडिया के इस दमदार प्रदर्शन पर पूरे देश को गर्व है और यह इनाम उसी उपलब्धि को सम्मान देने का एक प्रतीक है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “यह एक असाधारण जीत थी और इसलिए जश्न के तौर पर बीसीसीआई ने एशिया कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए 21 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।” मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सैकिया ने कहा, “वह धनराशि वितरित की जाएगी और यह हमारी टीम, भारतीय क्रिकेट बोर्ड और भारत के लोगों के लिए एक बड़ा पुरस्कार है। हमें दुबई में अपने क्रिकेटरों और सहयोगी स्टाफ के शानदार प्रदर्शन पर बहुत गर्व है।”

टीम इंडिया ने रचा इतिहास, लेकिन ट्रॉफी से किया गया किनारा

एशिया कप फाइनल मैच में पाकिस्तान को हराने के बाद एक नाटकीय और विचित्र घटनाक्रम में चैंपियन टीम इंडिया को एशिया कप ट्रॉफी प्रदान नहीं की गई क्योंकि उसने पाकिस्तान के मंत्री और एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों इसे लेने से इनकार कर दिया। पुरस्कार वितरण समारोह काफी विलंब से शुरू हुआ लेकिन सिर्फ व्यक्तिगत पुरस्कार दिए गए। भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था लेकिन नकवी मंच पर डटे रहे। आखिर में विजयी टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई और ऐसा शायद क्रिकेट के मैदान पर पहली बार हुआ होगा।

विलंब के बावजूद भारत के कई प्रशंसक मैदान में रूके रहे और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा जब मंच पर जाने लगे तो उनकी काफी हूटिंग हुई। भारतीय टीम अमीरात क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष खालिद अल जरूनी से ट्रॉफी लेने को तैयार थी जो नकवी के साथ मंच पर थे लेकिन नकवी ने ऐसा होने नहीं दिया। नकवी पुरस्कार वितरण समारोह शुरू होने से पहले एक तरफ खड़े थे और भारतीय खिलाड़ी 15 गज के भीतर थे । नकवी ने अपनी जगह पर ही डटे रहे जिससे समारोह में विलंब हुआ। समझा जाता है कि भारतीय टीम प्रबंधन ने पूछा था कि विजेता की ट्रॉफी कौन देगा और एशियाई क्रिकेट परिषद ने आपसी सलाह मशविरा शुरू कर दिया था क्योंकि उसे पता था कि भारतीय टीम नकवी से ट्रॉफी नहीं लेना चाहेगी।

नकवी के मंच पर आने के बाद भारतीय प्रशंसकों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। नकवी जब मंच पर आये तो उन्हें बताया गया कि भारतीय टीम उनसे ट्रॉफी नहीं लेगी और अगर उन्होंने जबरदस्ती करने की कोशिश की तो आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी। नकवी इंतजार करते रहे और अचानक आयोजकों में से कोई ट्रॉफी को ड्रेसिंग रूम में ले गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here