नई दिल्ली: एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले के बाद मैदान पर खूब ड्रामा देखने को मिला। जहां एक तरफ भारतीय टीम ने ट्रॉफी लिए बिना ही जीत का जश्न मनाया, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने ऐसा बर्ताव किया जो चर्चा का विषय बन गया। प्रजेंटेशन सेरेमनी के दौरान उन्हें जो इनामी राशि का चेक मिला, उसे उन्होंने गुस्से में फेंक दिया। उनका यह रवैया कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर यूजर्स ने सलमान आगा को ट्रोल करते हुए मीम्स और तंज़ की बौछार कर दी। कई यूजर्स ने इसे “हार की बौखलाहट” बताया, तो कुछ ने लिखा — “ट्रॉफी भी नहीं मिली और सब्र भी खो बैठे!”
गुस्से में सलमान अली ने फेंका इनामी चेक
सलमान अली आगा लगातार हो रही आलोचना से परेशान थे और पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान उन्होंने शर्मनाक हरकत कर दी। पाकिस्तान के कप्तान को उपविजेता के तौर पर 75,000 डॉलर का चेक मिला, लेकिन उन्होंने इसे किसी पाकिस्तानी अधिकारी को देने के बजाय लाइव प्रसारण के दौरान मंच से ही चेक फेंक दिया।
पाकिस्तान के कप्तान के इस कदम से प्रशंसक हैरान रह गए। भारत से हार के बाद सलमान आगा ने कहा कि अभी यह बात पचाना मुश्किल है, लेकिन मुझे लगता है कि हमने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया साथ ही गेंदबाजी में मुझे लगता है कि हम शानदार थे। हमने अपना सब कुछ दिया, लेकिन हां अगर हम इसे अच्छी तरह से खत्म कर पाते तो कहानी कुछ और होती।
वहीं, सलमान आगा द्वारा इनामी राशि का चेक फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। उनके इस व्यवहार को ज्यादातर यूजर्स ने गैर-जरूरी और खेल भावना के खिलाफ बताया है। कई लोगों ने इसे हार की बौखलाहट कहा, जबकि कुछ ने इस पर मजाकिया प्रतिक्रिया भी दी। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “चेक तो ले लेता भाई, आटा खरीद लेता इन पैसों से… शायद अगली बार खा-पीकर आता और कुछ खेल ही लेता!” सलमान आगा का यह रिएक्शन न सिर्फ कैमरों में कैद हुआ, बल्कि अब सोशल मीडिया पर मीम्स और ट्रोल्स का हिस्सा भी बन गया है।


