नई दिल्ली: नेपाल की क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज को टी20 सीरीज में 2-1 से हराकर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एक एसोसिएट नेशन द्वारा दो बार की टी20 विश्व चैंपियन टीम को सीरीज में हराना ऐतिहासिक क्षण है। यह जीत जहां नेपाल के लिए गर्व का विषय है, वहीं वेस्टइंडीज के लिए बेहद शर्मनाक रही। हालांकि विंडीज ने तीसरा मुकाबला 10 विकेट से जरूर जीत लिया, लेकिन पहले दो मैचों में उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज में नेपाल के सलामी बल्लेबाज और ऑलराउंडर कुशल भुर्तल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब जीता। इस खिताब के साथ ही उन्होंने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया, जो नेपाल क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है।
विश्व चैंपियनों को कुशल भुर्तल ने दी करारी शिकस्त
आपको बता दें कि कुशल भुर्तल एक शानदार आतिशी बल्लेबाज के साथ-साथ एक बेहतरीन गेंदबाज भी हैं। उन्होंने टी20 सीरीज के पहले दो मैचों में बल्ले से निराश किया और सिर्फ क्रमश: 6 व 2 रन की पारियां खेलीं। मगर गेंद से उन्होंने कुल 5 विकेट लेकर नेपाल को सीरीज में अजेय बढ़त दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिर तीसरे मुकाबले में उन्होंने बल्ले से भी 39 रनों का योगदान दिया। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इसी के साथ वे आईसीसी की किसी एसोसिएट टीम के दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी बने जिसे फुल मेंबर टीम के खिलाफ इस अवॉर्ड से नवाजा गया।
वेस्टइंडीज की टीम 100 रन के अंदर ढेर
इस सीरीज में वेस्टइंडीज टीम ने बेहद खराब प्रदर्शन किया खासतौर से पहले दो मैचों में। पहले मुकाबले में नेपाल की टीम ने 19 रनों से मुकाबला जीता था। वहीं दूसरे मैच में विंडीज की टीम नेपाल के 173 रन के स्कोर के जवाब में सिर्फ 83 रन बनाकर ही ढेर हो गई। किसी एसोसिएट नेशन के खिलाफ विश्व चैंपियन टीम ऐसा शर्मनाक प्रदर्शन करेगी यह किसी ने नहीं सोचा होगा। तीसरे मैच में हालांकि, टीम ने कुछ हद तक वापसी की लेकिन तब तक सीरीज नेपाल के कब्जे में आ चुकी थी। इस मैच में वेस्टइंडीज ने 123 रन का लक्ष्य बिना कोई विकेट खोए हासिल कर लिया।
मौजूदा ICC टी20 टीम रैंकिंग में वेस्टइंडीज की टीम छठवें स्थान पर है, जबकि नेपाल 18वें नंबर पर मौजूद है। इस हालिया सीरीज के बाद नेपाल की टीम को आगामी रैंकिंग में सुधार का मौका मिल सकता है। इससे पहले एशियन गेम्स में भी नेपाल ने मंगोलिया के खिलाफ टी20 क्रिकेट में जबरदस्त प्रदर्शन किया था, जिसमें उन्होंने 314 रन बनाकर कई विश्व रिकॉर्ड्स बनाए थे। यह पहला मौका था जब किसी टीम ने टी20 मैच में 300 रन का आंकड़ा पार किया था। हालांकि, यह रिकॉर्ड बाद में 2024 में जिम्बाब्वे ने 344 रन बनाकर तोड़ दिया।


